उत्तराखंड में शनिवार की रात हुए प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत कई IAS अधिकारियों का तबादला व कई के कार्यभार में फेरबदल किया गया है। इस दौरान भारतीय प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। इस बारे में राज्य सरकार की तरफ से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार बागेश्वर और देहरादून के डीएम बदले गए हैं, जबकि गढ़वाल आयुक्त के पद से विनय शंकर पाण्डेय को हटाकर वहां आनंद स्वरूप को नया आयुक्त बनाया गया है। इस दौरान सविन बंसल की जगह आशीष चौहान को देहरादून का नया DM नियुक्त किया गया है, जबकि बागेश्वर में आकांक्षा कोंडे की जगह अपूर्वा पांडेय को नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
- इस बदलाव के अंतर्गत 2004 बैच केIASअधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव का नया पदभार भी दे दिया गया है। इससे पहले से उनके पास सचिव पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास और मुख्य निर्वाचन अधिकारी का प्रभार भी था।
- 2005 बैच के IAS अधिकारी डॉ रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग के सचिव का प्रभाव वापस ले लिया गया है, अब उनके पास केवल तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव का प्रभार बचा है।
- विनय शंकर पाण्डे (IAS-2007) जो सचिव-मुख्यमंत्री, औद्योगिक विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, निवेश आयुक्त-नई दिल्ली, आयुक्त, गढ़वाल मण्डल, पौड़ी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। अब उनसे आयुक्त, गढ़वाल मण्डल, पौड़ी का प्रभार वापस ले लिया गया है। इसकी जगह पर उन्हें सचिव-नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, आयुक्त-स्वास्थ्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- सविन बंसल (IAS-2009) जो कि देहरादून के जिलाधिकारी के साथ ही स्मार्ट सिटी, देहरादून के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (C.E.O.) का काम संभाल रहे थे, उनसे ये दोनों प्रभार वापस लेकर उन्हें सचिव, नियोजन विभाग बनाया गया है।
- उधर 2010 बैच की IAS अधिकारी श्रीमती सोनिका जो कि आयुक्त-कर, महानिरीक्षक-निबन्धन, मेलाधिकारी-कुम्भ मेला हरिद्वार, उपाध्यक्ष-हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण का प्रभार संभाल रही थीं, उनसे आयुक्त-कर, महानिरीक्षक-निबन्धन का पदभार वापस ले लिया गया है। अब उनके पास सिर्फ मेलाधिकारी-कुम्भ मेला हरिद्वार और उपाध्यक्ष-हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण का पदभार ही बचा है।
- 2010 बैच के IAS अधिकारी आनन्द स्वरूप जिनके पास फिलहाल सचिव-खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, परियोजना निदेशक-UDRPAF का पदभार था, उनसे ये सभी पदभार वापस लेकर उन्हें आयुक्त, गढ़वाल मण्डल, पौड़ी बनाया गया है।
- 2012 बैच के IAS अधिकारी आशीष चौहान जो कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी-उत्तराखण्ड सिविल एवियेशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA), निदेशक-खेल, युवा कल्याण का पदभार सम्भाल रहे थे, उनसे निदेशक-खेल, युवा कल्याण का पदभार वापस लेकर उन्हें जिलाधिकारी-देहरादून और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (C.E.O.) स्मार्ट सिटी, देहरादून बनाया गया है।

