बहू ने सास को मारा चाकू, प्रेमी से मोबाइल पर बात करते समय टोकने पर भड़की

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बहू ने अपनी सास पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू मारे जाने से सास बुरी तरह घायल हो गईं। गंभीर हालत में इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर के एम्स में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती जांच-पड़ताल में पता चला है कि बहू मोबाइल पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। इसी दौरान सास ने उसे टोक दिया जिससे भड़ककर बहू ने चाकू से सास पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, परिवार के लोगों ने बताया कि बहू का किसी युवक से लंबे समय से संपर्क है। बहू के इस रिश्ते को लेकर घर में अक्सर कलह होती रहती है। घटना से पहले बहू को सास ने अपने प्रेमी से बात करने पर टोका था। सास ने बहू को समझाने का प्रयास किया था। इसी पर बहू भड़क गई। उसने सास से विवाद कर लिया। बात इतनी बढ़ी कि बहू ने किचन से चाकू लेकर सास पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। चाकू के वार से सास बुरी तरह घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य सकते में आ गए। वे दौड़ते हुए उनके पास पहुंचे तो सास को लहूलुहान हालत में बहू से जूझते पाया।

परिवारवालों ने घायल सास को किसी तरह बहू के चंगुल से छुड़ाया। बहू से सास को बचाकर परिवारवालों ने तत्काल पुलिस को इस घटना की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची एम्स थाने की पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है। वहीं, हमलावर बहू के खिलाफ परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के बारे में पूरी जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति से बातचीत को लेकर यह सारा विवाद हुआ उसे भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है।

क्या बोली पुलिस

पुलिस का कहना है कि जैसे ही घटना की सूचना मिली त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ कर उससे घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल महिला की चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

आसपास के लोग हैरान

बहू द्वारा सास पर चाकू से हमला किए जाने की इस घटना से आसपास के लोग हैरान रह गए हैं। घटना के बाद इलाके में हर किसी की जुबान पर इसी घटना की चर्चा है। लोग, पुलिस से मामले में गहराई से जांच और कड़ी कार्रवाई चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *