आज सुबह केदारनाथ मार्ग पर चारबासा के पास हैलीपैड में लैंडस्लाइड के कारण यात्रा रोकी गई है। इस बीच चारधाम यात्रा के लिए दूसरे चरण की हेली सेवाओं को लेकर राहत की खबर आई है। 15 सितंबर से हेली सेवाएं शुरू हो रही हैं। शुरुआती 16 दिनों के लिए कुल 8,900 टिकट भी बुक हो गए हैं।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन ने यह जानकारी दी। केदारनाथ धाम के लिए शटल सेवा और सभी चारों धामों के लिए चार्टर सेवाएं 15 सितंबर से पूर्ण रूप से सुचारू कर दी जाएंगी। इसके साथ ही हेमकुंड साहिब धाम के लिए भी हेली सेवाएं कल से ही प्रारंभ होंगी।
प्रतीक जैन ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से हेली टिकटों की बुकिंग खोली जा रही है। पहले चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक के शुरुआती 16 दिनों के लिए कुल 8,900 टिकट आईआरसीटीसी के माध्यम से लाइव किए गए थे, जिनकी मात्र कुछ ही घंटों में ही बुकिंग हो गई।
22 सितंबर को खुलेंगी अक्टूबर की टिकटें
यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए पर्याप्त समय मिले और एक साथ पूरे सीजन की टिकटें समाप्त न हों, इसके लिए 15-15 दिनों के अंतराल में बुकिंग स्लॉट खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में 1-16 अक्टूबर के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग विंडो खोली जाएगी।
8 शटल और 15 चार्टर ऑपरेटर संभालेंगे कमान
केदारनाथ धाम शटल सेवा के लिए कुल 8 ऑपरेटरों को लाइसेंस दिए गए हैं, जिनमें सिरसी से 2, फाटा से 4 और गुप्तकाशी से 2 ऑपरेटर सेवाएं देंगे। वहीं चारों धामों के लिए कुल 15 ऑपरेटरों को चार्टर सेवा के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
सुरक्षा प्राथमिकता, तत्काल बुकिंग मौसम पर निर्भर
सुरक्षा के लिहाज से केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में वेदर ऑब्जर्वेशन सिस्टम स्थापित किए गए हैं। मौसम साफ रहने पर ही उड़ानों की अनुमति दी जाएगी। यदि मौसम अनुकूल रहा और दृश्यता बनी रही, तो हेलीपैड पर काउंटर के जरिए सीमित संख्या में तत्काल (स्पॉट) टिकट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे ब्लैक टिकटिंग या फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहें और केवल आधिकारिक पोर्टल के जरिए ही टिकट बुक करें।

