महाराष्ट्र के सोलापुर एयरपोर्ट पर आज (गुरुवार, 12 नवंबर को) एक बड़ा हादसा टल गया, जब टेक-ऑफ के दौरान एक ट्रेनिंग विमान रनवे से फिसल गया। यह घटना तब हुई जब ट्रेनी पायलट विमान को टेक-ऑफ कराने की कोशिश कर रहा था, जिससे विमान रनवे से बाहर हो गया। इस घटना में पायलट को कोई चोट नहीं आई है। विमान में कितने लोग सवार थे, अभी यह पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में विमान आगे की ओर झुका हुआ दिखाई दे रहा है, जिसका अगला हिस्सा (नोज़) जमीन को छू रहा है।
टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट के मुताबिक, ये विमान एक महिला ट्रेनी पायलट उड़ा रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब ट्रेनी पायलट उड़ान भरने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान, ट्रेनिंग विमान रनवे से भटक गया और रनवे की सतह से फिसल गया। उड़ान भरते समय विमान का नियंत्रण कैसे खो गया, इसके सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, इस हादसे में गनीमत ये रही कि ट्रेनी पायलट को कोई चोट नहीं आई और किसी के हताहत होने की भी कोई खबर नहीं है। विमान को भी ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है और उसे अच्छी हालत में बताया जा रहा है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
सोलापुर हवाई अड्डे के अधिकारियों ने अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। घटना के कारण और विमान की स्थिति के बारे में और जानकारी का इंतजार है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने PTI को बताया कि एक फ्लाइंग क्लब द्वारा संचालित विमान, दोपहर करीब 2.30 बजे उड़ान भरते समय रनवे की पक्की सतह से बाहर निकल गया। हादसे के तुरंत बाद दमकल सेवा, एक एम्बुलेंस और पुलिसकर्मी हवाई अड्डे पर पहुंच गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
