उत्तराखंड चार धाम यात्रा का समापन 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम में कपाट बंदी के साथ हो जाएगा। भगवान बदरी विशाल के कपाट बंद करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज से पांच दिवसीय पारंपरिक पंच पूजा शुरू हो रही है। इन पूजाओं के संपन्न होने के बाद 16 नवंबर को रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही बदरी विशाल के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास पांडुकेश्वर में हो सकेंगे। इससे पहले बुधवार 11 नवंबर को भैयादूज पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद हुए। कुछ दिन पहले गंगोत्री धाम के कपाट भी बंद हुए थे।
बदरीनाथ के कपाट आगामी 16 नवंबर को रात्रि 9:37 बजे इसके बाद भगवान बदरी विशाल के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास पांडुकेश्वर में होंगे। कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ में में 5 दिनों तक चलने वाली पंच पूजाओं का विधान शुरू हो चुका है।
बदरीनाथ में 16 नवंबर को कपाट बंदी से पहले पूरी प्रक्रिया जानें
गुरुवार को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना होगी। शाम को गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। शुक्रवार आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे। 14 नवंबर वेद-पुराण और खडग-पुस्तक का वाचन संपन्न होगा। 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को भोग अर्पित होगा। मुख्य पुजारी माता लक्ष्मी को भगवान नारायण के साथ गर्भगृह में विराजमान होने का न्योता देंगे। 16 नवंबर को माता लक्ष्मी गर्भगृह में विराजमान होंगी। रात्रि को कपाट बंद हो जाएंगे। 17 नवंबर को बालसखा उद्धव, कुबेर, गरुड़ और आदि शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास पांडुकेश्वर एवं नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ के लिए प्रस्थान करेगी।
इससे पहले केदारनाथ धाम के कपाट भैया दूज पर विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली देर सांय रामपुर पहुंची। कपाट बंद होने के मौके पर करीब 5 हजार यात्री मौजूद रहे। बुधवार को मध्य रात्रि 2 बजे से 4 बजे तक भक्तों को दर्शन कराए गए। सुबह 4 से 6 बजे तक भगवान शिव की समाधि पूजा संपन्न की गई। मुख्य पुजारी टी गंगाधर लिंग एवं आचार्यों ने यज्ञ, हवन व समाधि पूजन किया।
केदारनाथ मंदिर के मुख्य द्वार सुबह 8.30 बंद हुए
बाबबा केदार के स्वयंभू शिवलिंग को पुष्प-पत्रों से ढककर समाधि रूप दिया गया। सुबह 6 बजे गर्भ गृह के द्वार बंद किए गए। ठीक 8:30 बजे मंदिर का मुख्य द्वार बंद किया गया। इसके बाद सेना के बैंड की धुनों के बीच बाबा केदार की डोली हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोषों के साथ ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ रवाना हुई। कपाटबंदी के लिए मंदिर को 20 कुंतल फूलों से सजाया गया। देर सांय डोली पहले पड़ाव रामपुर पहुंची। गुरुवार 12 नवम्बर को डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी। वहीं, 13 नवम्बर को डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। जहां भगवान मंदिर में विराजमान होंगे। यहां धार्मिक परम्पराओं एवं विधि-विधान के साथ भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।
गौरीकुंड में गौरामाई के कपाट भी हुए बंद
केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव गौरीकुंड स्थित मां गौरा माई के कपाट भैया दूज पर पूजा अर्चना और विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। बदरी-केदार मंदिर समिति, हक हकूकधारियों एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मठापति एवं पुजारियों द्वारा कपाट बंद किए गए जबकि डोली ने मंदिर की एक परिक्रमा की और गौरी गांव के लिए प्रस्थान किया। बुधवार सुबह 8 बजे पुजारी एवं ब्राह्मणों ने मां गौरा माई की पूजा की । मां की डोली ने मंदिर की एक परिक्रमा की और गौरी गांव के लिए प्रस्थान किया। ऐसा माना जाता है कि भगवान शिव की उत्सव डोली गौरीकुंड पहुंचने से पहले गौरामाई की डोली गर्भगृह से बाहर निकालकर अपने गद्दीस्थल को रवाना होती है।
6 महीने खरसाली में होगी मां यमुना की पूजा
यमुनोत्री के कपाट बुधवार को भैयादूज पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और मां यमुना के जयकारों के बीच सुबह 10:28 बजे शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद शनिदेव महाराज की अगुआई में मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई। दोपहर बाद मां यमुना के अपने मायके पहुंचने पर पूरा खरसाली गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं एवं जयकारों के साथ डोली का भव्य स्वागत किया। भैयादूज पर शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह 10:28 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। इस दौरान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली ने शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली के लिए प्रस्थान किया। दोपहर बाद मां यमुना की उत्सव डोली के खरसाली पहुंचने पर ग्रामीणों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया।
