लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी। इसे लेकर ऋषिकेश के बाजारों और गंगा घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाओं और परिवारों ने बाजारों में पूजन सामग्री, सूप, गन्ना और फलों की खरीदारी शुरू कर दी है। महापर्व छठ के लिए तीर्थनगरी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। बिहार और पूर्वांचल की महिलाओं ने पर्व की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुबह से ही घाट रोड, क्षेत्र रोड, लाजपत राय बाजार, मेन बाजार, मुखर्जी मार्ग, रेलवे रोड और आसपास के बाजारों में महिलाएं परिवार के साथ पहुंचकर पारंपरिक परिधानों की खरीदारी कर रही हैं। ग्रामीण इलाकों से भी महिलाएं बाजारों का रुख कर रही हैं। छठ पर्व पर नए वस्त्र पहनने की परंपरा के चलते कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं की खरीदारी के लिए भीड़ देखने को मिल रही है। व्रत रखने वालीं महिलाएं सूर्यास्त के समय सूर्य को अर्घ्य देने और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए अलग-अलग पारंपरिक परिधानों की खरीदारी कर रही हैं। इसके साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी नए कपड़े खरीदे जा रहे हैं। ऋषिकेश के प्रमुख बाजारों और गंगा घाटों के समीप सूप, दउरी, नारियल, अदरक का पौधा, सुथनी, ठेकुआ बनाने के लिए शुद्ध घी और गुड़ की दुकानें सजी हैं। पूर्वांचल और बिहार-झारखंड मूल के परिवारों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी छठ पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। गंगा घाटों पर साफ-सफाई और अर्घ्य की व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन व समितियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
इन दिनों में होगा कार्यक्रम
पहला दिन, नहाय-खाय: छठ पूजा की शरुआत कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि से होती है। पहले दिन नहाय खाय होता है। जो इस बार 13 नवंबर को है।
दूसरा दिन, लोहंडा और खरना: लोहंडा और खरना छठ पूजा का दूसरा दिन होता है। यह कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को होता है। जो इस बार 14 नवंबर को है।
तीसरा दिन, छठ पूजा संध्या अर्घ्य: छठ पूजा का मुख्य दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को होता है। इस दिन शाम को सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। जो 15 नवंबर को है।
चौथा दिन, सूर्योदय अर्घ्य: छठ पूजा का अंतिम दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि होती है। इस दिन सूर्योदय के समय सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। उसके बाद पारण कर व्रत को पूरा किया जाता है जोकि 16 नवंबर को है।
