तीर्थनगरी ऋषिकेश समेत आसपास के क्षेत्रों में चैत्र नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर ऋषिकेश के बाजार पूजा सामग्री से सज गए हैं, जिनमें श्रद्धालुओं की भीड़ पूजन सामग्री खरीदने को उमड़ रही है। वहीं बुधवार को क्षेत्र के देवी मंदिरों में सजावट के साथ साफ-सफाई भी की गई। ऋषिकेश के बाजार चैत्र नवरात्र को लेकर सज चुके हैं। दुकानें माता की चुनरी, नारियल, पूजा सामग्री से गुलजार हो गईं हैं। गुरुवार से शुरू होने वाले नवरात्र को लेकर खरीदारी भी शुरू हो गई है। इसके चलते बुधवार को ऋषिकेश के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई। पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। ऋषिकेश के सुभाष चौक, घाट रोड़, मुखर्जी मार्ग, झंडा चौक, क्षेत्र रोड़ समेत अन्य बाजारों में पूजा सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। पूजा के लिए कलश, नारियल, चुनरी, रोली, पान, घी, धूप बत्ती, सुपारी, कपूर, अगरबत्ती, लोंग सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री खरीद रहे हैं। नौ दिन के इस व्रत में अन्न से परहेज किया जाता है। ऐसे में बाजारों में फल, व्रत के अन्य सामानों की भी दुकानें सजाई गई हैं। त्रिवेणी घाट के दुकानदार रूपेश अग्रवाल, सुभाष चौक के दुकानदार गुलशन लाला ने बताया कि दुकानों पर नवरात्र को लेकर ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। नवरात्र को लेकर बाजार में रौनक है।

