उत्तराखंड के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, यमुनोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड; IMD लेटेस्ट अपडेट

उत्तराखंड में मॉनसून की बारिश अब रुक-रुककर हो रही है। रविवार को देहरादून और नैनीताल के कई इलाकों में बूंदाबांदी से लोगों को उमस से राहत मिली। मसूरी में सर्द हवाओं ने पारा लुढ़काया। उधर, बारिश ने चारधाम यात्रा पर भी असर डाला। यमुनोत्री हाईवे हनुमान चट्टी से आगे चार घंटे के लिए अवरुद्ध हो गया। मौसम विभाग ने सोमवार 6 जुलाई के लिए कम से कम पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

देहरादून में बारिश के बीच उमस से आमजन बेहाल

दून के कई इलाकों में रविवार को रुक-रुककर बारिश हुई। इसके बावजूद उमस से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। वहीं, प्रदेशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान सामान्य से 24 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान सामान्य 12.6 मिमी के मुकाबले केवल 9.5 मिमी बारिश हुई। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि सोमवार को भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश संभव है। बागेश्वर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और नैनीताल में भारी बारिश के आसार को देख येलो अलर्ट जारी किया गया।

राजधानी में सामान्य से दो डिग्री ज्यादा पारा

प्रदेशभर में रविवार को सबसे अधिक 40 मिमी बारिश रुड़की में दर्ज की गई। हाथीबड़कला में 24.5 मिमी, कोटद्वार में 24 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। दून में अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम 25.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से क्रमशः दो और एक डिग्री अधिक हैं।

मसूरी में सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड

मसूरी। शहर में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर को आसमान में बादल छा गए और सर्द हवाएं चलने लगीं। दिन में ही रात जैसा नजारा दिखने लगा। मगर, बारिश नहीं हुई, लेकिन तापमान में गिरावट होने से ठंड का अहसास हुआ। शाम को आसमान साफ हुआ तो मालरोड पर पर्यटकों की अच्छी खासी चहल-पहल जरूर देखने को मिली।

यमुनोत्री हाईवे चार घंटे बाधित रहा

पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण रविवार तड़के सुबह यमुनोत्री हाईवे हनुमान चट्टी से आगे अवरुद्ध हो गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 11 बजे हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया जा सका। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उधर, स्याना चट्टी के पास भी भूस्खलन के चलते कुछ समय के लिए यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बाधित रहा। एनएच की ओर से मलबा हटाने के बाद यहां आवाजाही तो बहाल कर दी गई, लेकिन पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण यह हिस्सा अब भी बेहद संवेदनशील और जोखिमभरा बना हुआ है। गौरतलब है कि स्याना चट्टी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण यमुनोत्री हाईवे बार-बार बंद हो रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर यमुनोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं को घंटों तक इंतजार और परेशानी झेलनी पड़ रही है।

नैनीताल में बूंदाबांदी से मिली राहत

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और करीब 10 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में शहर में 32.50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *