बजरंग सेतु के मध्य भाग में रेलिंग की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी

बजरंग सेतु के मध्य भाग में रेलिंग की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। कांच वाले हिस्से के बीच से लोगों का आवागमन रोकने के लिए यह तैयारी चल रही है। कांच वाले हिस्से में जाने के लिए टिकट लगाने पर भी उच्च स्तर पर विचार चल रहा है। गुरुवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बजरंग सेतु का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं एवं निर्माण के बारे में मुख्य सचिव को जानकारी दी। पुल के बीच वाले हिस्से को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। पुल के दोनों ओर कांच के फुटपाथ बनाए गए हैं। बीच वाले हिस्से को कांच वाले हिस्से से अलग करने के लिए करीब तीन फुट की रेलिंग लगाई गई है। कई पर्यटक इसे फांदकर कांच वाले हिस्से में पहुंच रहे हैं। कांच को क्षतिग्रस्त करने का मामला भी सामने आया था। अधिकारियों ने मुख्य सचिव को बताया कि रेलिंग को ऊंचा करने की योजना है, जिससे अनावश्यक तौर पर लोग कांच वाले हिस्से में न जा पाएं। कांच वाले हिस्से में जाने के लिए भविष्य में टिकट भी रखने पर विचार किया जा रहा है। अनावश्यक लोगों का आवागमन भी प्रतिबंधित होगा। इस दौरान सचिव लोनिवि पंकज कुमार पांडेय, नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे,तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मो. असलम, ईओ तपोवन अंजलि, बीडीओ श्रुति वत्स, सीओ एसएस भंडारी, एसओ मुनिकीरेती प्रदीप चौहान, लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी आदि उपस्थित रहे।———132 मीटर लंबा है बजरंग सेतु पुलवर्ष 2019 में लक्ष्मणझूला पुल को सुरक्षा कारणों की वजह से बंद किया गया था, जिसके बाद बजरंग सेतु के रूप में इस पुल निर्माण की तत्कालीन त्रिवेंद्र रावत सरकार ने वर्ष 2021 मंजूरी दी। सरकार ने इसके लिए 68 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए। साल 2022 जनवरी से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, जिसके बाद यह 132 मीटर लंबा झूला पुल इसी साल अप्रैल में ही बनकर तैयार हो गया है। इन दिनों रंगाई पुताई का कार्य चल रहा है।———-हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण कियामुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड अंतर्गत प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। हिलान्स हिमालयन भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर की ओर से भोजनालय में प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों एवं दैनिक बिक्री से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही रीप परियोजना से छह लाख, बैंक लोन तीन लाख एवं सीएलएफ कंट्रीब्यूशन एक लाख से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने और मेनू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित रूप से डिस्प्ले करने के निर्देश दिए, जिससे पर्यटकों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *