उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं ओलावृष्टि और आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 4 जून के लिए देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसी तरह 5 जून को भी देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में ओलावृष्टि की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं, मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है।
60 किमी की स्पीड से तेज हवाएं
इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय और मैदानी जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है। कई इलाकों में बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश होने और60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश भी देखने को मिल सकते हैं।
पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। नदियों और बरसाती नालों के किनारे रहने वाले लोगों को भी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
4 डिग्री तक पारा लुढ़का
तापमान की बात करें तो देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। पंतनगर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। वहीं नई टिहरी में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
