उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। शुक्रवार से देहरादून समेत सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बाकी सभी जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने औऱ तेज बारिश की संभावना है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सभी जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है।
दून में चार डिग्री चढ़ा पारा, उमस से बेहाल
दून में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री रहा और न्यूनतम 15.3 डिग्री, जबकि 0.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री रहा। पिथौरागढ़ में 14.6 मिमी, खटीमा में 4 और मसूरी में 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बदरीनाथ से आ रहे यात्रा वाहन का ब्रेक फेल
ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही बस गुरुवार को लामबगड़ के पास ब्रेक फेल और स्टेयरिंग लॉक होने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थर से टकरा गई। सूचना पर पहुंची गोविंदघाट पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने दूसरे वाहन से सभी को हरिद्वार रवाना किया।
पिकअप दुर्घटना में चालक को बचाया
नई टिहरी। थाना छाम क्षेत्र के नागराजाधार में गुरुवार सुबह करीब 5:40 बजे ब्रेक फेल होने से पिकअप सड़क से नीचे गिरकर चीड़ के पेड़ में अटक गया। वाहन में फंसे चालक कमल (37) पुत्र अशोक निवासी विलसंडा, पीलीभीत को पुलिस ने रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। पिकअप देहरादून से उत्तरकाशी जा रहा था और उसमें ऑनलाइन डिलीवरी का सामान लदा था।

