देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को तेज रफ्तार ईंट से लदे ट्रक ने पुलिस जवानों को ले जा रही बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार पुलिसकर्मियों के अलावा बाइक सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।
बताया गया कि बस में आईआरबी के आठ जवान सवार थे, जिनमें से चार के घायल होने की जानकारी है। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसे में छह से सात पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर क्लेमेनटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। थानाध्यक्ष लोकपाल परमार के अनुसार ट्रक ईंट से लदा था और उसने पुलिस बस को पीछे से टक्कर मारी। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा और कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
तीन दिन पहले भी इसी जगह हुआ था हादसा
मोहब्बेवाला-आशारोड़ी क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन दिन पहले भी इसी स्थान के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने यूपी पुलिस में तैनात इंस्पेक्टर की कार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे के बाद अब दोबारा भारी वाहन की टक्कर से पुलिस बस के पलटने की घटना सामने आई है।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की ओर से इस मार्ग का लगातार निरीक्षण किए जाने के बावजूद हादसे थम नहीं रहे हैं। स्थानीय स्तर पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

