करवा चौथ व्रती सुहागिन महिलाओं को अब चांद के दीदार का इंतजार हैं लेकिन बारिश और आसमान में छाए काले बादलों ने उन्हें टेंशन में डाल दिया है। देश के ज्यादातर हिस्सों में चांद निकलने का समय पौने 8 बजे के साढ़े 8 बजे के बीच है लेकिन खराब मौसम इसमें खलल डाल सकता है। यूपी, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान के कई हिस्सों में आज बारिश हो चुकी है। आसमान में बादलों का जबरदस्त डेरा है। ऐसे में चांद के दीदार में देरी होना तय माना जा रहा है। बादल और बारिश के चलते चंद्र दर्शन में देरी हो सकती है। ऐसी स्थिति में चंद्रोदय का निर्धारित समय होने तक इंतजार करें। इसके बाद भी चांद दिखाई न दे, तो चंद्रमा की दिशा में मुख करके चंद्रदेव का स्मरण करें और जल से अर्घ्य दें। इसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती का ध्यान करके पूजा पूरी करें। कुछ पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान चंद्रमा की पूजा की जा सकती है। एक अन्य विधि में साफ कपड़े पर अक्षत यानी साबुत चावल से चंद्रमा की आकृति बनाकर पूजा की जाती है। कुछ परंपराओं में चांदी के सिक्के को चंद्रमा का प्रतीक मानकर भी पूजा की जाती है। पूजा के बाद अर्घ्य देने और व्रत खोलने की विधि परंपरा के अनुसार अपनाई जाती है। ध्यान रखें कि ये वैकल्पिक तरीके सभी क्षेत्रों में एक जैसे प्रचलित नहीं हैं।
सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सलामती, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला करवा चौथ का व्रत रखा है। करवा चौथ या कर्क चतुर्थी का व्रत सुहागिनों का सबसे महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार यह व्रत सबसे पहले माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए किया था। उनके कठोर तप से उन्हे शिवजी का साथ मिला। तब से इस व्रत को करने का विधान चला आ रहा है। इस व्रत को वे युवतियां भी रखती हैं, जिनका विवाह तय हो चुका होता है।
आज चांद निकलने का समय, देखें शहर वाइज
| शहर और | चांद निकलने का समय (Moonrise Time) |
|---|---|
| कोलकाता | रात 7:47 बजे |
| पटना | रात 7:52 बजे |
| गया | रात 7:55 बजे |
| कानपुर | रात 8:05 बजे |
| लखनऊ | रात 8:06 बजे |
| प्रयागराज | रात 8:06 बजे |
| हरिद्वार | रात 8:09 बजे |
| चंडीगढ़ | रात 8:12 बजे |
| जम्मू | रात 8:14 बजे |
| नोएडा | रात 8:16 बजे |
| दिल्ली | रात 8:17 बजे |
| गुरुग्राम | रात 8:18 बजे |
| अमृतसर | रात 8:18 बजे |
| रायपुर | रात 8:18 बजे |
| जयपुर | रात 8:28 बजे |
| भोपाल | रात 8:31 बजे |
| इंदौर | रात 8:39 बजे |
| अहमदाबाद | रात 8:52 बजे |
| पुणे | रात 8:58 बजे |
| मुंबई | रात 9:00 बजे |
करवा चौथ पर शाम के शुभ मुहूर्त
गोधूलि मुहूर्त: शाम 05:38 बजे से 06:04 बजे तक
सायाह्न सन्ध्या: शाम 05:38 बजे से 06:56 बजे तक
करवा चौथ पर रात के शुभ मुहूर्त
निशिता मुहूर्त: रात 11:39 बजे से 12:31 बजे तक, 30 अक्टूबर
