उत्तराखंड को 26 साल पूरे, पीएम मोदी का खास संदेश; चारधाम से पहाड़ों तक का जिक्र

आज उत्तराखंड राज्य को 26 साल पूरे हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उत्तराखंड को दिव्य भूमि बताया। उन्होंने कहा कि यहां के खूबसूरत पहाड़, पवित्र नदियां और चारधाम तीर्थस्थल राज्य को खास पहचान देते हैं। उत्तराखंड की पहचान उसकी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना से भी जुड़ी है।

राज्य के विकास में प्रदेशवासियों के योगदान का जिक्र

प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास में प्रदेशवासियों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मेहनती, प्रतिभाशाली और प्रगतिशील लोगों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्हें विश्वास है कि प्रकृति और संस्कृति के लिए पहचानी जाने वाली यह भूमि तेजी से प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने स्थापना दिवस को प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाने वाला अवसर बताया।

सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने एक्स पर पीएम मोदी का संदेश साझा करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष लगाव केवल आत्मीय शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों, संकल्प और निरंतर प्रयासों में भी दिखाई देता है।

सीएम धामी ने भी स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कहा कि यह गौरवशाली दिवस हमें अपने राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग, बलिदान और संकल्प का स्मरण कराता है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और प्राकृतिक विरासत को संजोने तथा राज्य को विकास, प्रगति और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने का संकल्प लें।

गौरतलब है कि उत्तराखंड हर साल 9 नवंबर को स्थापना दिवस मनाता है। वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर देश के 27वें राज्य के रूप में उत्तराखंड का गठन हुआ था। हिमालय की तलहटी में बसे इस राज्य की सीमाएं उत्तर में चीन (तिब्बत) और पूर्व में नेपाल से लगती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *