दिवाली के बाद उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी

उत्तराखंड में दिवाली के बाद आज मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के पांच जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, इन जिलों के 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा भी छा सकता है। ऐसे में सुबह और शाम के समय घाटी वाले इलाकों में दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 3300 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बर्फबारी हो सकती है। इन जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं। हालांकि, पूरे जिले में बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान नहीं है। मैदानी जिलों समेत राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है।

देहरादून में साफ से आंशिक बादल

राजधानी देहरादून में सोमवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, आसमान में आंशिक रूप से बादल भी छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने देहरादून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। इससे पहले रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक था।

पंतनगर में 29.7 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

रविवार को पंतनगर में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक था। यहां न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किए गए। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *