वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 11 दिसंबर तक कर लें ये काम

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में गुरुवार से विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के लिए मतदाता सूची जारी कर दी गई। जिन लोगों का नाम वोटर लिस्ट में छूट गया था, उन्हें 11 दिसंबर तक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का एक और मौका दिया जा रहा है।

एसआईआर के बाद 12 से 20 अक्तूबर तक चलाए गए विशेष अभियान के बाद इस सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़ने के साथ ही मतदान स्थलों में भी बदलाव किया गया है। शुक्रवार को चुनाव आयोग राजनीतिक दलों के साथ बैठक करने के बाद विधिवत रूप से इसका ब्यौरा भी जारी करेगा।

मालूम हो कि एसआईआर के बाद एक लाख से ज्यादा लोगों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया था। इन्होंने 12 से 20 अक्तूबर के बीच विशेष अभियान में अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करवाने के लिए फार्म-6 भरा था। इनमें से बड़ी संख्या में नाम को मतदाता सूची में शामिल किया गया है, जिसके लिए एसएसआर के तहत आज से दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।

यूं बने वोटर

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अब एसएसआर के लिए ड्राफ्ट रोल जारी होने के बाद भी अगर कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, तो उन्हें 11 दिसंबर तक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का एक और मौका दिया जा रहा है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी नया वोटर बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने (फार्म-6), नाम कटवाने (फार्म-7) अथवा नाम, पते व अन्य विवरणों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने (फार्म-8) के लिए से 11 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों और दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले साल चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास ने बताया कि लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम या अपने क्षेत्र के बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर इस लोकतांत्रिक अभियान का लाभ उठा सकते हैं।

मतदाताओं की संख्या में इजाफा

जिन बूथों पर एसआईआर के बाद छूटे हुए लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया था, उनमें से पात्र के नाम वोटर लिस्ट में जुड़ गए हैं। डोईवाला के बद्रीपुर स्थित मतदान स्थल पर 14 जुलाई को मतदाताओं की संख्या 941 थी, वहीं, संख्या बढ़कर 1019 हो गई है। इनके के लिए जागृति विद्यालय में नया बूथ बनाया गया है। इस तरह से राज्य की कई विधानसभाओं में वोटरों की संख्या में इजाफा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *