उत्तराखंड के हल्द्वानी में साढ़े 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर गैंगरेप के मुख्य आरोपी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नेता धीरज बिष्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टी.सी. ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हल्द्वानी के एक होटल में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य तीन आरोपियों की पहचान नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी के रूप में हुई है। धीरज बिष्ट ने हाल ही में हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में कराए गए छात्र संघ चुनाव में ABVP की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था।
मुखानी थाने में पीड़िता के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, चारों आरोपी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर और दबाव डालकर एक होटल में ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसे डरा-धमकाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
डरा-धमकाकर लड़की को होटल ले गए थे आरोपी
एसएसपी ने बताया, “एक नाबालिग लड़की के परिवारवालों ने मुखानी थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, चार युवक लड़की को बहला-फुसलाकर मुखानी के एक होटल में ले गए। वहां उन्होंने उस डरा-धमकाकर उसकी मर्जी के बिना उसके साथ यौन संबंध बनाए। यह एक अत्यंत गंभीर मामला है। हमने तुरंत एसएचओ को इस संबंध में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके तहत अब कानून की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।”
शुरुआती जांच में घटना की पुष्टि
उन्होंने आगे बताया कि नामजद चारों गिरफ्तार को पकड़ लिया गया है। होटल परिसर के निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज की जांच खंगालने पर शुरुआती जांच में इस घटना के होने की पुष्टि हुई है। एसएसपी ने बताया कि मेडिकल जांच और अन्य जरूरी कानूनी औपचारिकताएं चल रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों ने कबूला अपराध
एसएसपी ने बताया कि नामजद चारों आरोपियों धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी ने पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान घटना को अंजाम देने की बात बात स्वीकार कर ली है। इसके अलावा होटल की शुरुआती जांच से भी इस घटना के होने की पुष्टि हुई है। अपराध स्थल की जांच से मिले सबूत और सीसीटीवी फुटेज से भी इस घटना की पुष्टि होती है।
