समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एचटी लीडरशिप समिट 2026 में राम मंदिर दर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री से पूछा गया कि आपको पहले भी अयोध्या जाने का न्योता मिला था मगर आप क्यों नहीं गए? इसके जवाब में अखिलेश यादव ने कहा, ‘कुछ लोगों ने मुझे निमंत्रण दिया था, वे पुरातत्ववादी लोग हैं और उनकी सोच बहुत सीमित है। उस समय मैंने कहा था कि भगवान केदारेश्वर के दर्शन करने के बाद मैं प्रभु श्रीराम के दर्शन करूंगा। यह मेरा संकल्प था। कोई भी सनातनी जब संकल्प लेता है तो उसको पूरा करता है। इसलिए इटावा में केदारेश्वर धाम के दर्शन करने के बाद प्रभु श्रीराम के दर्शन करने जा रहा हूं। हमारी पार्टी के लोगों ने तारीख निकलवार निमंत्रण दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं पीडीए का लगातार विस्तार करता रहता हूं। हर कोई आगे बढ़ना चाहता है। सपा प्रमुख से पूछा गया कि क्या आप राम भक्त हैं? इस सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा, ‘बीजेपी के लोग पूछते हैं तो बता दूं कि हमारे घर में शिव हैं, रामगोपाल हैं, पार्टी में अवधेश हैं, पार्टी में ही पवनपुत्र हैं। हमें इतने लोगों का आशीर्वाद मिल रहा है। हाल ही में चुनाव के दौरान प्रभु श्रीराम ने अयोध्या से जो आशीर्वाद दिया है, उसका धन्यवाद देने तो जाना ही पड़ेगा। अगर आशीर्वाद मिला हो तो कौन नहीं झुकेगा। सबसे बड़ी बात है कि भाजपा ने जहां से सांप्रदायिक राजनीति शुरू की थी, वहां अयोध्या के लोगों ने उसे खत्म करने का काम किया है। यूपी ने यह संदेश दिया है कि बदलाव आने वाला है। इसके लिए तैयार रहना होगा।
ग्रहों की स्थिति देखने के बाद तय की गई तारीख
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा था कि उनके अयोध्या दौरे की तारीख ब्राह्मण समाज के लोगों से सलाह लेने और ग्रहों की स्थिति देखने के बाद तय की गई है। उन्होंने अयोध्या दौरे पर पत्रकारों को साथ ले जाने के सवाल पर कहा, ‘अगर भगवान श्रीराम आपको बुलाएं, तो आपको जाना चाहिए। सिर्फ मेरे कहने पर मत जाइए। जहां तक तारीख की बात है, तो हमारे साथी पवन पांडेय ने ब्राह्मण समाज के कई लोगों से सलाह ली, ग्रहों-नक्षत्रों की स्थिति देखी और खगोल विज्ञान के ज्ञान का इस्तेमाल करते हुए सूर्य और चंद्रमा की स्थिति को ध्यान में रखकर एक खास तारीख और समय तय किया है।
अयोध्या में सपा के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने 7 नवंबर को घोषणा की थी कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे। इस घोषणा से 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई। पवन पांडेय के अनुसार, 12 दिसंबर को अखिलेश यादव और उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव अयोध्या में हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भव्य नवनिर्मित राम मंदिर का उद्घाटन किए जाने के बाद यह अखिलेश यादव का पहला अयोध्या दौरा होगा। सत्तारूढ़ भाजपा राम मंदिर नहीं जाने को लेकर अखिलेश यादव पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाती रही है।
