तीर्थनगरी में जाम के झाम से फिर लोग हलकान

मौसम में हल्की गर्माहट के साथ ही ऋषिकेश में पर्यटकों की आमद बढ़नी शुरू हो गई है। वह राफ्टिंग और कैंपिंग के लिए रुख कर रहे हैं, जिससे फिर जाम की समस्या न सिर्फ पर्यटकों, बल्कि स्थानीय लोगों की भी मुसीबत बढ़ा रही है। शहर के संकरे मुख्य और बाईपास मार्ग पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से आंतरिक सड़कों पर भी लोगों का चलना मुश्किल हो रहा है। वाहनों को नियंत्रित रखने में पुलिस भी चौक-चौराहों पर बेबस दिख रही है। रविवार को वीकेंड पर शहर में अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया है। जयराम चौक से लेकर चंद्रभागा पुल तक सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।

महज पांच मिनट के सफर में लोगों को 20 से 25 मिनट लगे। शाम को स्थिति और भी ज्यादा खराब हुई, जिसमें लोगों को वाहनों के अत्याधिक दबाव के चलते घाट चौक पर पैदल चलने के लिए भी ठीक से जगह नहीं मिली। कभी जाम, तो कभी स्लो ट्रैफिक की वजह से नगर क्षेत्र के आंतरिक मार्गों दून रोड, रेलवे रोड और यात्रा बस अड्डा मार्ग आदि पर भी स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतें पेश आई। वहीं, हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित इंद्रमणि बड़ोनी चौक पर भी ट्रैफिक दिनभर फंसता रहा। यहां तैनात पुलिसकर्मियों ने यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों के बेतहाशा दबाव में वह भी यातायात को सुचारू रखने में बेबस होते दिखे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *