उत्तराखंड के इन इलाकों में आज बारिश-बर्फबारी, दो शहरों में कोहरे का अलर्ट; पारा माइनस 6 डिग्री

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। खासतौर पर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है।

तापमान का हाल

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर औसतन अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। राज्य में सबसे अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस तापमान देहरादून के मोहकमपुर में और सबसे कम 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मुक्तेश्वर (नैनीताल) में रिकॉर्ड किया गया। आगामी 1–2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि इसके बाद तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।

औली में पारा माइनस 6 डिग्री पहुंचा

AccuWeather के अनुसार, उत्तराखंड में इस समय सबसे न्यूनतम तापमान चमोली जिले के औली (जोशीमठ क्षेत्र) में दर्ज किया गया है, जहां पारा शून्य से नीचे लगभग माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं मुक्तेश्वर (नैनीताल) में न्यूनतम तापमान करीब 2–3 डिग्री सेल्सियस, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले इलाकों में 0 से 2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। देहरादून में रात का न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस, हल्द्वानी में 9 डिग्री, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *