स्वच्छता अभियान चला नदी संरक्षण का दिया सामूहिक संदेश

प्रोजेक्ट अमृत ‘स्वच्छ जल-स्वच्छ मन’ के तहत निरंकारी मिशन के सेवादल एवं नगर पालिका परिषद डोईवाला के पर्यावरण मित्रों ने स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान सौंग नदी किनारे प्लास्टिक, पॉलिथीन व अन्य अपशिष्ट हटाकर कई कुंतल कूड़ा एकत्र किया गया, जिसे नगर पालिका की टीम द्वारा सुरक्षित निस्तारण के लिए भेजा गया। रविवार को डोईवाला में सौंग नदी पर तट पर स्वच्छता अभियान चला। निरंकारी मिशन के डोईवाला मुखी इंचार्ज गोपाल गुरुंग ने कहा कि स्वच्छ जल केवल पर्यावरण की नहीं, बल्कि हमारे मन और सोच की भी शुद्धता से जुड़ा है। मिशन समाज को प्रकृति से जोड़ते हुए सेवा भाव के साथ ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखेगा। पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नदियों की स्वच्छता नगर की प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान सफल होते हैं और भविष्य में भी ऐसे संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। वार्ड-12 के सभासद अमित कुमार ने कहा कि नागरिकों को चाहिए कि वे नदियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं। स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों और पर्यावरण मित्रों ने लोगों को स्वच्छ जल-स्वच्छ मन का संदेश देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। मौके पर संदीप कुमार, अशोक, अनुज कालरा, विनीत, राहुल, निक्की, रीना, दुर्गा, कुसुम, रोशनी बहुगुणा, तारा आदि उपस्थित रहे।
गंगा तट पर चला स्वच्छता अभियान
ऋषिकेश। संत निरंकारी मिशन के सेवादारों ने प्रोजेक्ट अमृत ‘स्वच्छ जल-स्वच्छ मन’ के तहत रविवार को त्रिवेणी घाट व आसपास क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। जिसमें सेवादारों ने नदी तट पर पड़े कूड़े कचरे को एकत्रित किया और इसे निस्तारण के लिए नगर निगम के ट्रंचिंग ग्राउंड में भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *