“हर हाथ रोजगार” की सोच के साथ कार्य कर रही भारतीय ग्रामोधान संस्था में आज एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था से जुड़ी महिलाओं के बच्चों को उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर स्कॉलरशिप प्रदान की गई।

कार्यक्रम में स्कॉलरशिप को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया—60 प्रतिशत और 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अलग-अलग रैंक के अनुसार सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी मेहनत को पहचान देना है।

संस्था में कार्यरत महिलाएं जूट, हैंडलूम और हस्तशिल्प से जुड़े कार्यों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी माताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी माओं के परिश्रम की बदौलत ही उन्हें यह सम्मान और स्कॉलरशिप प्राप्त हो रही है। वहीं, माताओं ने भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व जताया।

संस्था द्वारा बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि जिस तरह उनकी माएं कड़ी मेहनत कर रही हैं, उसी तरह वे भी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें, ताकि भविष्य में भी उन्हें इस प्रकार की प्रोत्साहन राशि मिलती रहे। संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है।

इस कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्षा गीता चंदोला, प्रभारी अनिल चंदोला, एनआरआई दिनेश गोयल व उनकी पत्नी सीमा गोयल, पीआरओ एन.पी. कुक्साल और बीना पुंडीर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को रेडियो ऋषिकेश की टीम द्वारा कवर किया गया, जिससे इस प्रेरणादायक पहल को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके।


