डीआईटी यूनिवर्सिटी देहरादून के छात्रों का भारतीय ग्रामोथान संस्था में शैक्षणिक भ्रमण

देहरादून स्थित DIT University के डिज़ाइनिंग कोर्स के छात्र-छात्राओं ने आज Bhartiya Gramothan Sanstha का शैक्षणिक दौरा किया। इस विज़िट का उद्देश्य छात्रों को पारंपरिक शिल्प, ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना रहा।


संस्था में पहुंचने पर छात्रों को बताया गया कि किस प्रकार “हर हाथ रोजगार” के लक्ष्य के साथ यहां महिलाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्हें स्किल डेवलपमेंट, ट्रेनिंग और प्रोडक्शन की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
इस दौरान छात्रों ने जूट फाइबर से तैयार किए जाने वाले विभिन्न उत्पादों के बारे में सीखा। उन्हें दिखाया गया कि कैसे जूट से बैग, हैंडबैग, होम डेकोर आइटम्स, फाइल कवर, मैट्स और अन्य इको-फ्रेंडली उत्पाद तैयार किए जाते हैं। डिजाइनिंग के स्टूडेंट्स के लिए यह अनुभव खास रहा, क्योंकि उन्होंने क्रिएटिविटी को सीधे प्रोडक्शन से जुड़ते हुए देखा।


छात्रों को संस्था के कार्यस्थल का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्होंने महिलाओं को काम करते हुए करीब से देखा। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस संस्था से जुड़कर उन्होंने आर्थिक रूप से खुद को मजबूत किया है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं।
संस्था के प्रतिनिधियों ने छात्रों को यह भी बताया कि डिजाइनिंग केवल एक करियर नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी बन सकती है। सही सोच और नवाचार के जरिए डिज़ाइनिंग को ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन से जोड़ा जा सकता है।


इस दौरान कार्यक्रम में संस्था के प्रभारी Anil Chandola, पीआरओ N P Kuksal, डीआईटी यूनिवर्सिटी के शिक्षकगण, साथ ही Radio Rishikesh से Raksha Upadhyay और Sonika Lekhwar भी उपस्थित रहे।
वहीं, छात्रों ने इस विज़िट को बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। उनका कहना था कि इस अनुभव ने उन्हें न केवल डिजाइनिंग के नए आयाम सिखाए, बल्कि यह भी समझाया कि अपने हुनर का उपयोग समाजहित में कैसे किया जा सकता है।


कुल मिलाकर, डीआईटी यूनिवर्सिटी के छात्रों का यह शैक्षणिक भ्रमण सीखने, समझने और प्रेरणा लेने का एक बेहतरीन अवसर साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *