हल्द्वानी में एमबीए की पढ़ाई कर रहे युवक ने घर के भीतर गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल पद पर तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में परिजनों से विवाद की बात सामने आई है।
सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी 22 वर्षीय दिनेश माहरा पुत्र गंगा सिंह माहरा हल्द्वानी के एक कॉलेज से एमबीए द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात उसकी परिवार के एक सदस्य से किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद रात करीब नौ बजे वह खाना खाकर कमरे में चला गया था।
मंगलवार सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। मां कुसुम जब बेटे के कमरे की तरफ गई तो देखा कि सीढ़ी के ऊपर बने रैक पर नीले रंग के ड्रम में रस्सी के फंदे से दिनेश लटका था। दिनेश को एसटीएच लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
फांसी लगाने से पहले नस काटने का प्रयास
दिनेश के एक हाथ में कट के दो निशान मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि फांसी लगाने से पहले छात्र ने हाथ की नस काटने का प्रयास किया होगा। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है।
दिनेश का मोबाइल फोन जब्त किया
पुलिस को घटनास्थल के पास से दिनेश का मोबाइल मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस फोन की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक दिनेश अक्सर मोबाइल से ही पढ़ाई करता था। पुलिस मामले की अन्य एंगल से भी जांच कर रही है।
रोहित शर्मा केस में 4 दोस्तों पर हत्या का केस
नैनीताल, संवाददाता। बीते दिसंबर में नैनीझील से बरामद हुए रोहन शर्मा के शव के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस की ओर से इसे हादसा बताने के बाद, मृतक के पिता की याचिका पर कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने रोहन के दोस्तों पर केस दर्ज कर लिया है।
पिलग्रिम लॉज निवासी रोहन शर्मा 24 दिसंबर को कार्निवाल देखने निकला था और फिर लापता हो गया। 3 जनवरी को उसका शव नैनीझील से बरामद हुआ। रोहन के पिता पुष्कर शर्मा का आरोप है कि पूछताछ करने पर दोस्तों ने भ्रामक जानकारी दी, जबकि बाद में पता चला कि रोहन उस रात उन्हीं के साथ ठंडी सड़क क्षेत्र में मौजूद था। पुलिस ने पहले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इसे हादसा माना था, लेकिन अब कोर्ट के आदेश पर सिद्धार्थ, मोनू, रितिक, कृतिका, विदुषी शर्मा व चार अज्ञात पर 302 के तहत केस दर्ज किया है। एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया मामले की जांच शुरू कर दी है।

