आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ऋषिकेश में भाजपाईयों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। ऋषिकेश विधानसभा अंतर्गत भाजपा के चारों मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावों को लेकर रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। बुधवार को बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि आगामी समय संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से पूरी सक्रियता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका सर्वोपरि है।
पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान, उनकी भागीदारी एवं सशक्तीकरण के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और यही हमें चुनावों में सफलता दिलाती है। उन्होंने सभी चारों मंडल ऋषिकेश, रायवाला, वीरभद्र, श्यामपुर मंडल के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त करें, जनसंपर्क अभियान को गति दें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं। मौके पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चन्दरमोहन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, महामंत्री सत्यपाल राणा, निखिल बर्थवाल, दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना आदि उपस्थित रहे।

