शनिचरी अमावस्या पर तीर्थनगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

तीर्थनगरी ऋषिकेश में शनिवार को शनि अमावस्या को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में गंगा स्नान किया। तत्पश्चात पूजा अर्चना और दान कर पुण्य लाभ कमाया। इस दौरान हर-हर गंगे के जयकारों से तीर्थनगरी के घाट गूंजते रहे। शनिवार को तीर्थनगरी के गंगा घाटों पर शनि अमावस्या को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट, दत्तात्रेय घाट, पीपल घाट, रामानंद घाट, नाव घाट, साईं घाट, 72-सीढ़ी घाट, मुनिकीरेती में दयानंद घाट, शत्रुघ्न घाट, पूर्णानंद घाट, स्वर्गाश्रम में सीता घाट, राम घाट, परमार्थ निकेतन घाट आदि जगहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से दोपहर तक दिखी।

तमाम गंगा घाट क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा और हर-हर गंगे के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान करने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर बैठे भिक्षुकों और जरूरतमंद लोगों को दान-पुण्य भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *