पटना में हाल ही में हुई एक सनसनीखेज घटना ने देश के सबसे चर्चित शिक्षकों में शामिल खान सर को फिर सुर्खियों के केंद्र में ला दिया है। उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुई गोलीबारी ने फिर से लोगों का ध्यान उनकी तरफ खींचा है। सोशल मीडिया से लेकर सर्च इंजन तक, हर यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर खान सर इतने मशहूर कैसे हुए? उनके पास कौन कौन सी डिग्रियां हैं। उन्होंने शिक्षा की दुनिया में इतनी बड़ी पहचान कैसे बनाई। आइए इन सभी सवालों का जवाब इस खबर में जानते हैं।
देश में ऐसे बहुत कम शिक्षक हैं जिनकी पहचान किसी फिल्मी सितारे जैसी हो। खान सर उन्हीं चुनिंदा नामों में गिने जाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच उनकी लोकप्रियता कई वर्षों से बनी हुई है। उनकी पहचान सिर्फ पढ़ाने तक सीमित नहीं है। जटिल मुद्दों को आम बोलचाल की भाषा में समझाने की उनकी शैली ने उन्हें लाखों युवाओं का पसंदीदा शिक्षक बना दिया। यही वजह है कि उनके वीडियो अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल होते हैं।
बीएस और एमएससी की डिग्री
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से जुड़े खान सर का शैक्षणिक आधार विज्ञान रहा है। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने प्रयागराज का रुख किया और वहां से अपनी पढ़ाई पूरी की। उपलब्ध जानकारियों के अनुसार उन्होंने विज्ञान विषय में ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट स्तर की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने भूगोल विषय को भी गहराई से समझने का फैसला किया और इसी क्षेत्र में आगे की पढ़ाई पूरी की। यही वजह है कि जब वे किसी देश की सीमा, अंतरराष्ट्रीय विवाद या वैश्विक घटनाक्रम को समझाते हैं तो उनके विश्लेषण में अकादमिक समझ साफ दिखाई देती है।
कई विषयों पर मजबूत पकड़
बहुत से लोग उन्हें सामान्य ज्ञान के शिक्षक के रूप में जानते हैं, लेकिन उनका शिक्षण दायरा इससे कहीं बड़ा है। भूगोल, इतिहास, भारतीय राजव्यवस्था, विज्ञान, समसामयिक घटनाएं और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसे विषयों पर वे नियमित रूप से पढ़ाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए उनका कंटेंट खास तौर पर लोकप्रिय माना जाता है। उनकी कक्षाओं की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे किताबों की कठिन भाषा को रोजमर्रा के उदाहरणों में बदल देते हैं। इससे छात्र विषय को आसानी से समझ पाते हैं।
लाखों छात्रों तक पहुंचा डिजिटल नेटवर्क
शुरुआत पारंपरिक कक्षाओं से हुई थी लेकिन समय के साथ खान सर ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। आज उनके ऑनलाइन वीडियो और शैक्षणिक प्लेटफॉर्म देश के अलग-अलग राज्यों के छात्रों तक पहुंचते हैं। रेलवे, एसएससी, यूपीएससी, बीपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र बड़ी संख्या में उनके कंटेंट का उपयोग करते हैं। डिजिटल माध्यम ने उनकी पहुंच को राष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित कर दिया है।
विवादों से खूब रहा रिश्ता
लोकप्रियता के साथ विवाद भी अक्सर जुड़े रहते हैं और खान सर इसका अपवाद नहीं रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में उनका नाम कई सार्वजनिक बहसों और विवादों में सामने आया। रेलवे भर्ती परीक्षा से जुड़े छात्र आंदोलनों के दौरान भी वे चर्चा में रहे थे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर उनकी पहचान और नाम को लेकर भी लंबे समय तक बहस चलती रही। हालांकि इन विवादों के बावजूद उनकी लोकप्रियता में कोई बड़ी कमी नहीं देखी गई।
गोलीबारी की घटना के बाद फिर चर्चा में खास सर
पटना में हुई ताजा फायरिंग की घटना के बाद खास सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस घटना के मद्देनजर जांच एजेंसिया घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
क्यों अलग है खान सर की पहचान?
देश में हजारों कोचिंग संस्थान और शिक्षक हैं, लेकिन खान सर की पहचान उनकी भाषा और प्रस्तुति शैली ने बनाई है। वे कठिन विषयों को आम आदमी की भाषा में बदल देते हैं। यही कारण है कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के छात्र भी उनसे खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। शिक्षा को सरल बनाने की इसी शैली ने उन्हें एक शिक्षक से आगे बढ़ाकर एक लोकप्रिय सार्वजनिक व्यक्तित्व में बदल दिया है। पटना की हालिया घटना के बाद एक बार फिर उनके नाम को लेकर चर्चा तेज है और लोग उनके जीवन तथा करियर के बारे में ज्यादा जानना चाहते हैं।

