अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी को लेकर संग्राम थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ सीबीआई ने वीआईपी की मांग उठाने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर शिकंजा कस लिया है। उर्मिला को नार्को टेस्ट के लिए कोर्ट से समन जारी हुआ है। उन्हें शुक्रवार 23 अक्तूबर को देहरादून की अदालत में पेश होना है। दूसरी ओर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपने खून से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन लिखकर भेजा और दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार निरंकुश और तानाशाही रवैया अपना रही है। अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय सुनिश्चित करने और मामले से जुड़े कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाया जाए। प्रदर्शन में यूकेडी जिलाध्यक्ष प्रताप चौहान, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कुलदीप बोरा, नीरज बिष्ट, ज्योति दानू, रवि वाल्मीकि, मोहन कांडपाल, मोहन सिंह नेगी, उत्तम सिंह बिष्ट, महेश चंद्र तिवारी, जानवी भाकुनी, करन पंत आदि रहे।
उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए कोर्ट में तलब
अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट के लिए सहमति की पुष्टि करने के सिलसिले में 23 अक्तूबर को दून की अदालत में पेश होने का नोटिस दिया है। मंगलवार देर शाम सीबीआई की टीम सहारनपुर स्थित उनके घर पहुंची और नोटिस सौंपा। उन्हें सुबह 10:30 बजे विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में उपस्थित होना है।
अंकिता को न्याय दिलाकर रहेंगे: कांग्रेस
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक विरोध जारी रहेगा। प्रेसवार्ता के दौरान रागिनी नायक अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के बजाय मामले से जुड़े लोगों को बचाने का काम कर रही है। सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी मामले से जुड़े नेता को संवैधानिक पद पर बैठाया गया। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन जारी रखेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रागिनी नायक ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के तीसरे चरण में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। रागिनी नायक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में राजनीतिक बदलाव की सुनामी आने वाली है।
राष्ट्रपति मुर्मु नवंबर में आ सकती हैं केदारनाथ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नवम्बर प्रथम सप्ताह केदारनाथ के दर्शनों को आ सकती हैं। इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों की बैठक लेकर महामहिम के कार्यक्रम को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। डीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रपति का अभी पूरा कार्यक्रम नहीं आया है। संभावना जताई जा रही है कि एक या दो नवम्बर को राष्ट्रपति केदारनाथ धाम आ सकती है।
