देहरादून जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कार्मिकों की ओर से घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। डिजिटल माध्यम से अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कराई जा सकती है। प्रशासन लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक करेगा।
अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना का दूसरा चरण आयोजित किया जा रहा है। स्वगणना नागरिकों को डिजिटल माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज कराने का एक शानदार और आधुनिक अवसर देती है।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को जनगणना की प्रक्रिया एवं स्व-गणना के संबंध में आवश्यक जागरूक किया जाए ताकि जनगणना कार्य में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।
स्वगणना क्यों महत्वपूर्ण है?
प्रशासन के अनुसार स्वगणना घर-घर जाकर होने वाली डेटा जुटाने की प्रक्रिया का एक डिजिटल विकल्प है। इसके माध्यम से लोग आधिकारिक जनगणना पोर्टल या मोबाइल ऐप पर खुद ही अपने परिवार के सदस्यों का विवरण, आयु, लिंग, व्यवसाय और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
स्वगणना कैसे करें? (चरण-दर-चरण प्रक्रिया)
● आधिकारिक पोर्टल पर जाएं: जनगणना प्रक्रिया शुरू होने पर सरकार द्वारा जारी किए गए आधिकारिक जनगणना पोर्टल या मोबाइल ऐप पर जाएं।
● पंजीकरण करें: पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें। संबंधित नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसे भरकर अपना अकाउंट सत्यापित करें।
● लॉगिन और फॉर्म भरें: सत्यापन के बाद लॉगिन करें और स्वगणना फॉर्म को चुनें। इसमें आपको अपने परिवार के मुखिया और सभी सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, आयु, शैक्षणिक योग्यता और व्यवसाय से जुड़े सवालों के जवाब भरने होंगे।
● विवरण की जांच करें: फॉर्म ऑनलाइन जमा करने से पहले दर्ज की गई सभी जानकारियों को ध्यान से दोबारा पढ़ लें। ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।
● सबमिट कर रसीद प्राप्त करें: सभी विवरण सही होने पर फॉर्म को फाइनल सबमिट कर दें। इसके बाद आपको एक स्वगणना रसीद या संदर्भ संख्या मिलेगी, जिसे आगे की प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रख लें।
