आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को भारतीय ग्रामोत्थान संस्था का 37वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट जी तथा संस्था की अध्यक्षा श्रीमती गीता चंदोला जी के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, संस्था पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान माननीय श्री महेंद्र भट्ट जी ने संस्था परिसर का भ्रमण किया और संस्था द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
अपने संबोधन में श्री महेंद्र भट्ट जी ने भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले 37 वर्षों से समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। भ्रमण के उपरांत उन्होंने संस्था के प्रभारी श्री अनिल चंदोला जी को ऋषिकेश में महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री हेतु एम्पोरियम की व्यवस्था कराने का आश्वासन भी दिया। साथ ही उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने की बात कही।
कार्यक्रम में माननीय राज्य मंत्री उत्तराखंड श्री गिरीश डोभाल जी ने भी महिलाओं को सशक्त बनाने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही सशक्त समाज की नींव है।
कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अनिल कुकरेती जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा श्री भूपेंद्र डोभाल (उपाध्यक्ष), श्री जितेंद्र अग्रवाल (वरिष्ठ पदाधिकारी, भारतीय जनता पार्टी) सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम को रेडियो ऋषिकेश द्वारा भी कवर किया गया, जिससे संस्था के कार्यों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को व्यापक जनसमर्थन एवं प्रसार मिला।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री एन. पी. कुकशाल द्वारा किया गया। अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन सामाजिक उत्थान एवं महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया।
