देहरादून। सहस्त्रधारा / आई.टी. पार्क रोड पर आयोजित द्रोण महोत्सव 2026 का तीसरा दिन बेहद उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही महोत्सव स्थल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। परिवारों, युवाओं एवं पर्यटकों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की जमकर खरीदारी की।
महोत्सव में लगे हैंडलूम, हथकरघा वस्त्र, बांस एवं फाइबर उत्पाद, आयुष एवं हर्बल सामग्री, पारंपरिक आभूषण तथा गृह सज्जा से जुड़े स्टॉलों पर विशेष रौनक रही। कई कारीगरों ने बताया कि तीसरे दिन बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे उनमें उत्साह का माहौल है।
इस आयोजन का संचालन भारतीय ग्रामोत्थान संस्था (BGS) द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को सशक्त मंच प्रदान करना है।
महोत्सव में स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत होम्योपैथिक निदेशालय विभाग एवं आयुर्वेदिक विभाग द्वारा निःशुल्क जांच एवं परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। बड़ी संख्या में लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।
महोत्सव की रौनक को और बढ़ाने में Radio Rishikesh की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही। रेडियो ऋषिकेश द्वारा लगाए गए विशेष सेल्फी पॉइंट पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही, जहां आगंतुकों की सेल्फी क्लिक कर उन्हें रेडियो के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक खेल और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आकर्षक उपहार जीते।
सांस्कृतिक मंच पर आयोजित लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य ने पूरे वातावरण को जीवंत बनाए रखा।
महोत्सव 13 से 22 फरवरी तक जारी रहेगा। आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
द्रोण महोत्सव 2026 प्रत्येक दिन नई ऊर्जा और बढ़ते उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है।



