दिल्ली-मेरठ के बाद अब ऋषिकेश तक दौड़ेगी ‘नमो भारत’ ट्रेन, कुछ ही घंटों में पूरा होगा राष्ट्रीय राजधानी तक का सफर

हाई स्पीड ट्रेन के मामले में उत्तराखंड के लोगों को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने वाली है, और मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के पास लक्ष्मण झूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन का उनका सपना सच होने जा रहा है। क्योंकि फिलहाल दिल्ली से उत्तर प्रदेश के मेरठ तक चल रही सेमी-हाई-स्पीड रीजनल रेल सर्विस ‘नमो भारत’ को उत्तराखंड के ऋषिकेश तक बढ़ाने को मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कोशिशों से, यूपी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच RRTS ट्रेन के मौजूदा नेटवर्क को मेरठ से ऋषिकेश तक विस्तार देने पर सहमति बन गई है। इस दौरान नए विस्तार के लिए डीपीआर पर भी सर्वे भी जल्द ही होने जा रहा है।

इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दोनों सरकारों और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के बीच हुए समझौते के बाद, दिल्ली में सराय काले खां और मेरठ में मोदीपुरम के बीच मौजूदा 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को 150 किलोमीटर और बढ़ाकर ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला तक ले जाया जाएगा।

मोदीपुरम से लक्ष्मण झूला तक बिछेगा 150 किमी लंबा नया ट्रैक

प्रस्तावित योजना के अनुसार, नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा, जो मुजफ्फरनगर से होते हुए, उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह रूट रुड़की और हरिद्वार में हर की पौड़ी से होते हुए ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला पर समाप्त होगा। इस ट्रैक का 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और बाकी 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड से गुजरेगा।

उत्तराखंड आने-जाने वाले लोगों को मिलेगा नया आधुनिक विकल्प

अधिकारियों का कहना है कि इस नए मार्ग के बनने से उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों सहित दिल्ली जाने वाले उत्तराखण्ड के लोगों का भी नया आधुनिक ट्रांसपोर्ट विकल्प मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश जाने में सड़क मार्ग से करीब पांच से छह घंटे का समय लगता है। नमो भारत ट्रेन (160 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार) के शुरू होने के बाद लगभग 230 किलोमीटर का यह सफर सिर्फ ढाई से तीन घंटे में पूरा हो जाएगा।

सीएम धामी ने पेश किया था पीएम के सामने प्रस्ताव

इस बारे में जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि यह समझौता उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर के सामने प्रस्ताव पेश करने के बाद हुआ। बयान में आगे कहा गया है कि इस समझौते के बाद, प्रस्तावित 150 किलोमीटर लंबे ट्रैक के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का सर्वे भी जल्द ही शुरू होगा।

सीएम धामी ने प्रोजेक्ट के आगे बढ़ने पर जताई खुशी

इस प्रोजेक्ट को लेकर बनी सहमति के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर लिखा, ‘मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक नमो भारत (RRTS) ट्रेन सेवा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बनना उत्तराखण्ड के लिए अत्यंत सुखद समाचार है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक परिवहन अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में अब उत्तराखण्ड को भी हाई स्पीड नमो भारत रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है।’

‘पर्यटन और व्यापार के साथ अर्थव्यवस्था को मिलेगा दम’

आगे उन्होंने लिखा, ‘परियोजना की डीपीआर तैयार करने हेतु लगभग 150 किलोमीटर प्रस्तावित मार्ग का सर्वे शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना के साकार होने पर कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। तीर्थयात्रियों, पर्यटकों एवं प्रदेशवासियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलेगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *