उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या वर्तमान 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद दूसरी शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
इस मामले में उत्तराखंड की धामी सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के और कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाए बिना, वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनके प्रमोशन क अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति व्यक्त की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। इस निर्णय से जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और उनके लिए भविष्य में प्रमोशन के अवसरों की व्यवस्था करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयासरत है। हमारी सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।
