ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गहरी खाई में गिरी कार, महिला समेत 2 की मौके पर मौत

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पाली पुलिया के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कार सवार चंडीगढ़ से चमोली जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, मारुति सुजुकी वैगनआर कार (HR-68 C 1242) ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। यह स्थान देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर है। कार सड़क से नीचे नदी किनारे जा गिरी।

तीन लोग रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह और श्रीनगर टीम से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। टीमों के पहुंचने से पहले ही जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

दो लोगों की मौत

दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव निकालने के लिए एसडीआरएफ को दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। नदी तक पहुंचने के रास्ते को देखते हुए शवों को राफ्ट के जरिए नदी पार कर देवप्रयाग लाया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिए गए।

हादसे में घायल होने वालों में रुद्रप्रयाग जिले के लाडोली निवासी उत्तम सिंह (33) और बीना निवासी टीशा रावत (18) व सुनीता देवी (45) शामिल हैं। वहीं, हादसे में किमखाल, चमोली निवासी सत्येश्वरी देवी (72) और कार चालक अनिल की मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *