शुक्रवार को देहरादून रोड स्थित नटराज होटल में भारतीय ग्रामोत्थान संस्था और भारत सरकार के नेशनल जूट बोर्ड के सहयोग से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हस्तशिल्प और हथकरघा के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यशाला का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश के मेयर श्री शंभू पासवान, नेशनल जूट बोर्ड की सहायक निदेशक मौसमी पांडे, नगर पालिका परिषद् मुनि की रेती की अध्यक्षा श्रीमती नीलम बिजलवाण और उत्तराखंड हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास परिषद के उपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र दत्त सेमवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मेयर श्री पासवान ने कहा, “महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास का आधार है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को हुनरमंद बनाना और उन्हें बाजार से जोड़ना एक सराहनीय प्रयास है।”
कार्यक्रम में पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं द्वारा जूट से बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे सभी अतिथियों ने सराहा। जूट से बने बैग, सजावटी वस्तुएं, जूट को ऊन में तबदील कर बनाए हुए विभिन्न उत्पाद आदि को देखकर सभी अतिथियों ने महिलाओं के हुनर की जमकर तारीफ की।
इस अवसर पर नेशनल जूट बोर्ड की सहायक निदेशक श्रीमती मौसमी पांडे ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जूट उद्योग महिलाओं के लिए एक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ आजीविका का साधन बन सकता है। उन्होंने कहा, “हम सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर महिलाओं को प्रशिक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। इस दिशा में भारतीय ग्रामोत्थान संस्था का योगदान अत्यंत सराहनीय है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री वीरेन्द्र दत्त सेमवाल ने कहा, “उत्तराखंड में महिलाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें सही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की। यह कार्यशाला इसी दिशा में एक सशक्त पहल है।”
इस कार्यशाला में उप मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका मुनि की रेती की अध्यक्षा श्रीमती नीलम बिजलवाण, विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्य मंत्री श्री संदीप गुप्ता, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मदन नागपाल, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष श्री अनिल कुकरेती, और महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के प्रभारी श्री अनिल चंदोला ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्था विगत वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित कर रही है। उन्होंने अतिथियों को जूट उत्पादों की स्मृति भेंट भी प्रदान की।
संस्था की अध्यक्षा श्रीमती गीता चंदोला ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बाजार से जोड़ना भी है। भविष्य में हम और अधिक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करेंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें।”
इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के जनसंपर्क अधिकारी श्री एन पी कुकशाल ने किया।
कार्यक्रम में उप मुख्य अतिथि नगर पालिका मुनि की रेती अध्यक्षा श्रीमती नीलम बिजलवाण, विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्य मंत्री श्री संदीप गुप्ता, होटल एसोसियेशन के अध्यक्ष श्री मदन नागपाल, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष श्री अनिल कुकरेती, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र, श्री एस एस नेगी आदि अतिथि उपस्थित रहे।


