14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हो गया। इस एक्सप्रेसवे से अब दिल्ली से देहरादून पहुंचने में 6 घंटे नहीं महज दो से ढाई घंटे लगेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देहरादून में जनसभा को संबोधित किया। गडकरी ने दिल्ली-देहरादून के साथ दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए भी गुड न्यूज दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में निर्माणाधीन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की डेडलाइन भी घोषित कर दी।
गडकरी ने कहा कि सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किलोमीटर सिक्स लेन का काम जून 2026 में पूरा होगा। 1600 करोड़ की लागत से हरिद्वार में फोर लेन ग्रीन फिल्ड बायपास फेज वन अक्टूबर 2026 तक पूरा होगा। इससे दिल्ली से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने में ट्रैफिक जाम की समस्या हल होगी। 1100 करोड़ की लागत से ऋषिकेश बाईपास का काम अगस्त से शुरू हो जाएगा।
मई 2026 से शुरू होगा दून फोर लेन बाईपास का काम
1700 करोड़ की लागत से देहरादून से फोर लेन बाईपास का काम मई 2026 में शुरू करेंगे। 2300 करोड़ की लागत से हरिद्वार में चार ग्रीनफील्ड बाईपास फेज टू का काम भी 2026 में शुरू होगा। इसके बनते ही हरिद्वार की रिंग रोड भी बन जाएगी। 800 करोड़ की लागत से देहरादून से मसूरी तक टू लेन रोड की भी डीपीआर तैयार हो रही है। अगस्त में काम शुरू करने का प्रयास है।
देहरादून बल्लूपुर तक फोर लेन मार्ग मई 2026 में शुरू
उन्होंने कहा कि 1650 करोड़ की लागत से पोंटा साहिब से देहरादून बल्लूपुर तक फोर लेन मार्ग मई 2026 में शुरू हो जाएगा। इससे हिमाचल और उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के बीच अच्छी कनेक्टिविटी हो जाएगी। 716 करोड़ की लागत से 12 किलोमीटर लंबे देहरादून से झाझरा होकर आशारोडी तक फोर लेन एलिवेटेड रोड का निर्माण अप्रैल 2027 में पूरा होगा। 745 करोड़ की लागत से 20 किलोमीटर लंबे भानियावाला जौलीग्रांट से ऋषिकेश तक फोर लेन का काम अप्रैल 2028 तक पूरा होगा। 800 करोड़ की लागत श्रीनगर में भी टूलेन बाईपास की डीपीआर तैयार हो रही है।
अक्तूबर 2026 में पूरा होगा रुद्रपुर फोरलेन बाईपास
गडकरी ने बताया कि 1050 करोड़ की लागत से 21 किलोमीटर लंबा रुद्रपुर फोर लेन बाईपास का काम अक्टूबर 2026 में पूरा होगा। 936 करोड़ की लागत से 15 किमी लंबे काशीपुर फोर लेन बाईपास का काम भी दिसंबर 2026 में पूरा हो जाएगा। 630 करोड़ की लागत से 60 किलोमीटर लंबे जोशीमठ से मलारी तक टू लेन सड़क के काम को भी दिसंबर 2026 में पूरा कर दिया जएगा।

