रूसा फार्म, गुमानीवाला में 14 दिवसीय जूट बैग सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

बुधवार को रूसा फार्म, गुमानीवाला में रोजगारविहीन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 14 दिवसीय जूट बैग सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल जूट बोर्ड, कोलकाता के सहयोग से भारतीय ग्रामोत्थान संस्था, ढालवाला द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उद्योग केन्द्र के पूर्व प्रबंधक श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं संस्था के प्रभारी श्री अनिल चंदोला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर फिल्म उद्योग से जुड़े श्री सुनील जुयाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर श्रीमती विमला नेगी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं को जूट बैग बनाने की पूरी प्रक्रिया सिखाई जाएगी।

मुख्य अतिथि श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से जुड़ने की सलाह दी और बैंकों से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में अग्रसर हो सकें।

संस्था के प्रभारी श्री अनिल चंदोला ने जानकारी दी कि यदि कम से कम 10 महिलाएं प्रशिक्षण में दक्षता प्राप्त कर लेती हैं, तो रूसा फार्म गुमानीवाला में एक स्थायी जूट बैग सिलाई केंद्र स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि महिलाओं द्वारा तैयार किए गए बैगों की बिक्री की जिम्मेदारी संस्था स्वयं उठाएगी। यदि महिलाएं व्यक्तिगत रूप से बैग बनाकर बेचना चाहेंगी, तो उन्हें कच्चा माल भी संस्था द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।

इस पूरे कार्यक्रम का संचालन संस्था के जनसंपर्क अधिकारी श्री नरेन्द्र कुकशाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ममता नेगी, अनिला, वेद प्रकाश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *