रेडियो ऋषिकेश ने सिटी टॉपर इशिता सिंह का लिया साक्षात्कार

ऋषिकेश। रेडियो ऋषिकेश द्वारा सीबीएसई कक्षा 12वीं में 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऋषिकेश सिटी टॉपर बनीं निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए) की छात्रा इशिता सिंह का विशेष साक्षात्कार लिया गया। इस दौरान इशिता सिंह ने अपनी सफलता, संघर्ष और पढ़ाई की रणनीति को लेकर विस्तार से बातचीत की।

इंटरव्यू में इशिता सिंह ने बताया कि एक ऑटो चालक की बेटी होने के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य पर फोकस उनकी सफलता की मुख्य कुंजी रहे। उन्होंने अपने परिवार के सहयोग को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और अपने शिक्षकों व विद्यालय के सकारात्मक वातावरण को भी अपनी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बताया।

इसी कार्यक्रम में निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा से भी बातचीत की गई। उन्होंने इशिता सिंह की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है तथा यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। रेडियो ऋषिकेश की ओर से इंटरव्यू के उपरांत प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा एवं सिटी टॉपर इशिता सिंह को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान एवं उपलब्धि के लिए आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर भारतीय ग्रामोत्थान संस्था की अध्यक्षा श्रीमती गीता चंदोला द्वारा इशिता सिंह को प्रोत्साहन राशि भेंट की गई। उन्होंने इशिता को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। यह साक्षात्कार रेडियो ऋषिकेश की स्टेशन हेड रक्षा उपाध्याय द्वारा लिया गया, जबकि कार्यक्रम के तकनीकी संचालन में अंकित रावत जुड़े रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेरित करना और सफलता की वास्तविक कहानियों से जोड़ना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *