उत्तराखंड के 49 विकासखंडों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में 68% मतदान हुआ। आज प्रदेश में दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है। 14751 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां पढ़ें चुनाव से जुड़े पल-पल के अपडेट..
पौड़ी के सात विकासखंडों में पहले दो घंटों में 11 फीसदी मतदान
पौड़ी जनपद के सात विकासखंडों में चल रहे मतदान के पहले दो घंटों में 11 फीसदी मतदान हुआ। पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, द्वारीखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर व जयहरीखाल विकासखंडों में सुबह से मतदान प्रक्रिया जारी है।

कोटद्वार में 10 बजे तक मतदान
दुगड्डा में 12.71 प्रतिशत
द्वारीखाल में 14.38 प्रतिशत
जयहरीखाल में 16.27 प्रतिशत
उत्तरकाशी के तीन विकासखंडों में मतदान जारी
द्वितीय चरण में जनपद के तीन विकासखंडों डुंडा, चिन्यालीसौड़ और भटवाड़ी के 337 बूथों पर मतदान जारी है। जिला प्रशासन की ओर से मतदान संबंधित सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गई है।प्रशासन मतदान प्रक्रिया की हर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। सभी बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम है। साथ ही प्रशासन द्वारा सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। सात जोनल व 28 सेक्टर मैजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
पौड़ी में हल्की बारिश के बीच दूसरे चरण का मतदान जारी
पौड़ी में हल्की बारिश के बीच दूसरे चरण का मतदान शुरू हुआ। सात ब्लॉकों में होने जा रहे मतदान को लेकर बूथों पर लोग पहुंचने लगे हैं।
उत्साह से लबरेज मतदाता, खराब मौसम के बीच मतदान के लिए पहुंच रहे
खराब मौसम के बावजूद उत्साह से लबरेज मतदाता मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। डोईवाला विकासखंड में दूसरे चरण का मतदान जारी है। बूंदाबांदी के बावजूद लोग घरों से बाहर निकाल कर मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।
मतदाताओं की लगी कतार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में टिहरी जिले के चंबा, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र में मतदान जारी है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैचोली बूथ संख्या 72 पर मतदाता लाइन लगाकर खड़े हैं।

40 विकासखंडों में मतदान शुरू
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेश के 40 विकासखंडों में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है। 4431 बूथों पर पोलिंग पार्टियां मोर्चा संभाले हुए हैं। दूसरे चरण में कुल 21,57199 मतदाता वोट डालेंगे।
10 जिलों के इन विकासखंडों में दूसरे चरण का मतदान
अल्मोड़ा के सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग और द्वाराहाट, ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर व जसपुर, चंपावत के चंपावत व बाराकोट, पिथौरागढ़ के विण, मूनाकोट, बेरीनाग व गंगोलीहाट, नैनीताल के हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल व कोटाबाग, उत्तरकाशी के डुंडा, चिन्यालीसौड़ व भटवाड़ी, चमोली के पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग व गैरसैंण, टिहरी के कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर व चंबा, देहरादून के डोईवाला, रायपुर व सहसपुर, पौड़ी के यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट व कल्जीखाल में। पहले चरण में दो जिलों बागेश्वर व रुद्रप्रयाग के सभी विकासखंडों में मतदान संपन्न हो चुका है। लिहाजा, 12 के बजाए 10 जिलों में दूसरे चरण का मतदान होगा।
पहले चरण में महिलाओं ने जमकर किया मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में महिलाओं ने जमकर वोटिंग की। 49 विकासखंडों में हुए प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में 68 प्रतिशत मतदान हुआ। खास बात ये है कि मतदान करने वालों में पुरुष मतदाता 63 प्रतिशत और महिला मतदाता 73 प्रतिशत रहीं। महिलाओं का गांव की सरकार चुनने को लेकर उत्साह देखकर राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी भी उत्साहित हैं।
कौन होगा गांव का प्रधान, तय करेगा प्रवासी मतदाताओं का रुझान
इन चुनावों में मेरा गांव मेरा वोट की भावना के साथ प्रवासी मतदाताओं ने बड़ी संख्या में गांव की सरकार बनाने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। ऐसे में साफ है कि प्रधान को तय करने में प्रवासियों का रुझान अहम रहेगा।
पहले चरण में इतना रहा मतदान
- उत्तरकाशी 82.00%
- पौड़ी 59.50%
- रुद्रप्रयाग 57.31%
- टिहरी 59.71%
- देहरादून 78.49%
- चमोली 62.17%
- चंपावत 65.59%
- नैनीताल 70.43%
- अल्मोड़ा 59.11%
- बागेश्वर 63.11%
- यूएसनगर 81.27%
- पिथौरागढ़ 64.00%
(जिलों से मिले आंकड़े लगभग में हैं)
पंचायत चुनाव में भागीदारी करें मतदाता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में द्वितीय चरण के मतदान के लिए प्रदेशवासियों से सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और इन चुनावों में प्रत्येक मतदाता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का संचालन होता है। उन्होंने सभी मतदाताओं से विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।
छोटी सरकार बनाने के लिए उत्साह; बारिश के बीच वोट डालने पहुंच रहे मतदाता
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेश के 40 विकासखंडों में सोमवार को सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। 4431 बूथों पर पोलिंग पार्टियों ने मोर्चा संभाला हुआ है। दूसरे चरण में कुल 21,57199 मतदाता वोट डालेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक दूसरे चरण में 10 जिलों के 40 विकासखंडों में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के लिए मतदान हो रहा है। 4431 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंची हैं। शाम पांच बजे तक मतदान किया जाएगा।
कुल 2157199 मतदाता छोटी सरकार चुनने के लिए मतदान करेंगे। इसमें 10,45,643 महिला मतदाता, 11,11,490 पुरुष मतदाता व 66 अन्य शामिल हैं। बता दें कि पहले चरण में 68 प्रतिशत मतदान हुआ है। आयोग को उम्मीद है कि दूसरे चरण में मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है।
