Bank Apprentice Vacancy: फ्रेशर्स के लिए खुशखबरी! SBI-BOB ने निकाली 12,000+ पदों पर भर्ती, जानें सैलरी और काम

Bank Apprentice Recruitment 2026: सार्वजनिक क्षेत्र के दो बड़े दिग्गज बैंकों— स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने देश के ग्रेजुएट युवाओं के लिए बैंकिंग क्षेत्र में करियर शुरू करने का एक शानदार मौका दिया है। दोनों बैंकों ने अप्रेंटिस के कुल 12,150 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत एसबीआई में 7,150 पद और बैंक ऑफ बड़ौदा में 5,000 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 19 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 जून 2026 निर्धारित की गई है।

बैंक अप्रेंटिस क्या पद है?

बैंक अप्रेंटिस बैंकिंग क्षेत्र का एक ट्रेनिंग प्रोग्राम है, जो कोई स्थायी नौकरी नहीं है। इसके तहत फ्रेशर्स को एक तय अवधि के लिए बैंक के शुरुआती और जमीनी कामकाज सिखाए जाते हैं। इसमें उम्मीदवार खाता खोलने, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करने, फॉर्म भरने और ग्राहकों से बातचीत जैसे रोजमर्रा के काम प्रैक्टिकली सीखते हैं।

बैंक अप्रेंटिस का क्या काम होता है?

बैंक में अप्रेंटिस के तौर पर चयनित होने के बाद उम्मीदवारों को वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कई काम सीखने को मिलते हैं। इस ट्रेनिंग के दौरान वे बैंक में आने वाले ग्राहकों की मदद करना, उनके खाते खोलना और फॉर्म भरने जैसे काम सीखते हैं, जिससे उनकी कस्टमर डीलिंग बेहतर होती है। इसके अलावा उन्हें जरूरी कागजातों की जांच (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन), केवाईसी (KYC) अपडेट करना और कंप्यूटर पर डेटा एंट्री जैसे कार्य सौंपे जाते हैं। साथ ही, वे ब्रांच के रोजमर्रा के कामकाज जैसे टोकन सिस्टम संभालना, पासबुक प्रिंटिंग और एटीएम या ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े ग्राहकों के सवालों का समाधान करना भी व्यावहारिक रूप से सीखते हैं।

अनिवार्य योग्यता और आयु सीमा

शैक्षणिक योग्यता: दोनों ही बैंकों में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रैजुएशन होनी अनिवार्य है। बैंक ऑफ बड़ौदा के लिए NATS पोर्टल के तहत उम्मीदवारों की डिग्री 1 मई 2026 से 4 वर्ष से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।

आयु सीमा : न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। सरकारी नियमों के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।

सैलरी (स्टाइपेंड)

अप्रेंटिसशिप की यह अवधि 12 महीने (1 वर्ष) की होगी, जिसके दौरान उम्मीदवारों को ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग दी जाएगी। एसबीआई (SBI) में चयनित उम्मीदवारों को पूरे एक वर्ष तक ₹15,000 प्रति माह का फिक्स स्टाइपेंड मिलेगा। वहीं, बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) में मेट्रो और अर्बन क्षेत्रों के लिए ₹15,000 तथा ग्रामीण व अर्ध-शहरी शाखाओं के लिए ₹12,000 प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जाएगा। इस ट्रेनिंग अवधि के दौरान कोई अन्य भत्ते या नियमित कर्मचारी लाभ देय नहीं होंगे।

चयन प्रक्रिया

दोनों बैंकों में उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा (100 अंक), स्थानीय भाषा टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में जनरल/फाइनेंशियल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग, कंप्यूटर नॉलेज और इंग्लिश से बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

आवेदन शुल्क

BOB के लिए: सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (पुरुष) के लिए ₹800; इसी श्रेणी की महिलाओं/ट्रांसजेंडर के लिए ₹600 और एससी/एसटी/दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए ₹200 (प्लस जीएसटी) शुल्क है।

SBI के लिए: सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए ₹300, जबकि एससी/एसटी/दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कोई शुल्क नहीं है। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि से पहले एसबीआई की वेबसाइट sbi.co.in/careers और बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट bankofbaroda.in पर जाकर आधिकारिक रूप से आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *