भीषण गर्मी के बीच उत्तराखंड में 5 दिन बारिश का अलर्ट; आज इन इलाकों में बदल रहा मौसम

उत्तराखंड में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ मैदानी जिलों में प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं पहाड़ों पर बादलों की आवाजाही, बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने इस बीच गुड न्यूज भी दी है। बताया कि 28 मई से देशभर में मौसम बदलने वाला है। आने वाले तीन से पांच दिनों में उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भी बारिश हो सकती है। आज पहाड़ों में बारिश का अलर्ट है।

मैदानों में लू का सितम, दोपहर में सन्नाटा

प्रदेश के मैदानी इलाकों में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर शुरू हो गया था। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। हालांकि, दोपहर बाद हवाओं में थोड़ी नरमी आने से देहरादून का तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 38.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं, हरिद्वार और रुड़की में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोग दिनभर उमस और तपिश से परेशान रहे।

पहाड़ों में बरसे बदरा

मैदानों से बिल्कुल उलट, पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह खिली धूप के बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए। चमोली और बद्रीनाथ में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों, मुनस्यारी और बागेश्वर में अच्छी बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिथौरागढ़ में 17.4, डीडीहाट में आठ, बेरीनाग में दो, गरूड़ में 1.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। नई टिहरी में सामान्य से एक डिग्री कम तापमान 27.5 डिग्री रहा।

अगले तीन दिनों में मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन से पांच दिनों के भीतर तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आने की उम्मीद है। इससे मैदानों में भी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

पूरे देश में भीषण तपिश

पूरा देश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। हालांकि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इससे मैदानी इलाकों में भी बारिश होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *