भारतीय ग्रामोधान संस्था द्वारा मेधावी छात्रा इशिता सिंह को किया सम्मानित

ऋषिकेश। भारतीय ग्रामोत्थान संस्था में कार्यरत आर्टिजन्स के बच्चों के लिए एक विशेष प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर, समय प्रबंधन, परीक्षा की तैयारी तथा सफलता के प्रभावी तरीकों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस अवसर पर निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए) की छात्रा एवं ऋषिकेश सिटी टॉपर इशिता सिंह तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

गौरतलब है कि इशिता सिंह ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऋषिकेश शहर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। एक ऑटो चालक की बेटी होने के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अथक मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारतीय ग्रामोधान संस्था द्वारा आर्टिजन्स के बच्चों के लिए नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं पुस्तकालय की सुविधा संचालित की जा रही है। इसी क्रम में विद्यार्थियों को प्रेरित करने और उनके शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

टॉक शो शैली में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सिटी टॉपर इसिता सिंह से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने पढ़ाई पर फोकस बनाए रखने, प्रभावी स्टडी टेक्निक अपनाने, समय प्रबंधन, परीक्षा की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण तथा करियर निर्माण से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। इशिता सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने तथा कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से न भटकने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में एनजीए की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

भारतीय ग्रामोधान संस्था की अध्यक्षा गीता चंदोला ने अपने संबोधन में इशिता सिंह की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता संघर्ष, मेहनत और लगन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। साथ ही संस्था की ओर से इशिता सिंह की उपलब्धि को प्रोत्साहित करने हेतु उन्हें सम्मानित किया गया तथा एक प्रोत्साहन राशि भी भेंट की गई।

इस अवसर पर एनआरआई दिनेश गोयल एवं सीमा गोयल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया, प्रश्न पूछे तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में दिनेश पैन्यूली, जो निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए) में खेल गतिविधियों से जुड़े हैं, भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व और संतुलित व्यक्तित्व विकास के बारे में जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त भारतीय ग्रामोधान संस्था के पीआरओ एन. पी. कुक्साल, रेडियो ऋषिकेश की स्टेशन हेड रक्षा उपाध्याय तथा टेक्निकल हेड अंकित रावत भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने इस संवाद सत्र को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्हें पढ़ाई, करियर और जीवन में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। संस्था की ओर से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई। इस अवसर पर संस्था के अन्य सदस्य, कर्मचारी, अभिभावक एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *