उत्तराखंड के पहाड़ों में बारिश और भूस्खलन की घटनाएं लगातार हो रही हैं। हालांकि मैदानी इलाकों खासकर देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे जनपदों में गर्मी और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा था। सोमवार दोपहर बाद देहरादून शहर में झमाझम बारिश के साथ ही मौसम सुहावना हो गया। गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तूफान के बीच मौसम विभाग ने एक और गुड न्यूज दी है। हिमालयी राज्य उत्तराखंड में मानसून 22 से 25 जून के बीच आ सकता है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों के कुछ हिस्सों में अगले तीन घंटों के लिए येला अलर्ट जारी किया है। इस दौरान, लोगों एवं पर्यटकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। चेतावनी के अनुसार, सोमवार दोपहर 2:07 बजे से शाम 5:07 बजे तक तीन घंटों में जिला बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में कुछ जगहों पर तथा देवल, कपकोट, मुनस्यारी, डीडीहाट, बदरीनाथ, केदारनाथ, तुंगनाथ, बड़कोट, पुरोला तथा आस पास के क्षेत्रो में बिजली कड़कने और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ आंधी-तूफान आने की अनुमान जताया गया है।
देहरादून में झमाझम बारिश से राहत
सोमवार दोपहर 2 बजे के बाद अचानक झमाझम बारिश से दूनवासियों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले बीते दो दिन से शहर में गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल था। मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जताया था कि आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। उपरोक्त जिलों में तेज बारिश और बिजली कड़कने की आशंका जताई गई थी।
मानसून कब दस्तक देगा
राजधानी देहरादून में सोमवार को अचानक बदले मौसम के बीच आईएमडी ने एक गुड न्यूज भी दी। उत्तराखंड में मानसून 22 से 25 जून तक आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन में मानसून छत्तीसगढ़ तक पहुंचेगा। आज शाम छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए आंधी, गरज-चमक तथा वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में अगले 8 से 10 दिन के बीच मानसून पहुंच जाएगा।
16 जून से 21 जून तक कहां-कहां अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। यह अलर्ट 21 जून तक है, हालांकि 17 से 21 जून के बीच हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में मौसम शुष्क रह सकता है।

