ऋषिकेश नेचुरल फाइबर हैंडीक्राफ्ट्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वर्ष 2026 की वार्षिक आम सभा (जनरल बॉडी मीटिंग) का आयोजन शनिवार को गुमानीवाला, ऋषिकेश में किया गया। बैठक में कंपनी के निदेशक मंडल, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं प्राकृतिक फाइबर हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों ने भाग लिया। इस दौरान कंपनी की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और संगठन के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निदेशकों एवं सदस्यों ने प्राकृतिक फाइबर से तैयार किए जा रहे हस्तशिल्प उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, बेहतर मार्केटिंग, ब्रांडिंग तथा नए सदस्यों को कंपनी से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। साथ ही स्थानीय कारीगरों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों को उचित बाजार दिलाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी मंथन किया गया।

आम सभा में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, पारदर्शिता के साथ कार्य करने तथा प्राकृतिक फाइबर आधारित हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान सभी सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए, जिन पर आगामी कार्ययोजना में अमल किए जाने की बात कही गई।

इस अवसर पर बीना पुंडीर, नरेंद्र प्रसाद कुक्साल, बिमला चौहान, ममता नेगी, अनिल चंदोला सहित कंपनी के अन्य निदेशक, पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक का समापन सभी सदस्यों के सहयोग एवं सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

