रेडियो ऋषिकेश की नैरोकास्टिंग में सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश, आरटीओ अधिकारी ने बताए यातायात नियम

सामुदायिक रेडियो रेडियो ऋषिकेश 90.0 एफएम द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष रोड सेफ्टी अवेयरनेस नैरोकास्टिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आरटीओ विभाग से आर.आई. प्रदीप एस. रौथाण उपस्थित रहे। उन्होंने आमजन, विशेषकर महिलाओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।


कार्यक्रम के दौरान आर.आई. प्रदीप एस. रौथाण ने बताया कि सड़क पर चलते समय प्रत्येक व्यक्ति को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने पैदल यात्रियों को हमेशा फुटपाथ या सड़क के किनारे चलने, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी। वहीं वाहन चालकों को सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया।


उन्होंने वाहन में बैठने और उतरने के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर भी प्रकाश डाला। विशेष रूप से डच रीच (Dutch Reach) तकनीक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वाहन का दरवाज़ा सड़क की ओर खोलते समय विपरीत हाथ से दरवाज़ा खोलने की आदत अपनानी चाहिए, जिससे पीछे से आने वाले दोपहिया वाहन या साइकिल सवार आसानी से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।


कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े अपने प्रश्न पूछे, जिनका आरटीओ अधिकारी ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। महिलाओं को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने परिवार, बच्चों और पति को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें, ताकि सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो सके।


इस अवसर पर रेडियो ऋषिकेश के प्रभारी अनिल चंदोला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्टेशन हेड रक्षा उपाध्याय ने किया, जबकि टेक्निकल हेड अंकित रावत ने कार्यक्रम के तकनीकी संचालन एवं कवरेज की जिम्मेदारी निभाई।


रेडियो ऋषिकेश की इस पहल का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा यातायात नियमों के पालन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *