भारतीय ग्रामोत्थान संस्था, ढालवाला द्वारा शमदासानी फाउंडेशन, मुंबई के सहयोग (Sponsored By) से शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में ऋषिकेश आरटीओ कार्यालय से आरआई प्रदीप एस. रौथाण मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर सुरक्षित तरीके से कैसे चलना चाहिए, ट्रैफिक सिग्नलों एवं विभिन्न सड़क संकेतों का क्या महत्व है और उनका पालन क्यों आवश्यक है। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की सलाह दी।

आरआई प्रदीप एस. रौथाण ने ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) जैसे आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर हर व्यक्ति स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की भी सुरक्षा कर सकता है।

कार्यक्रम में भारतीय ग्रामोत्थान संस्था की अध्यक्षा गीता चंदोला ने आरआई प्रदीप एस. रौथाण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं संस्था के प्रभारी अनिल चंदोला भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से आरआई प्रदीप एस. रौथाण को भारतीय ग्रामोथान संस्था की स्मारिका, स्मृति चिन्ह तथा प्राकृतिक रेशों से निर्मित फोल्डर फाइल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शमदासानी फाउंडेशन, मुंबई का विशेष सहयोग रहा।


