उत्तराखंड में भाजपा सरकार युवाओं के लिए ऐसी स्कीम लेकर आई है, जिसमें बेरोजगारों के साथ पढ़ाई बीच में छोड़ने वालों को भी जॉब मिल सकेगी। इसके लिए युवाओं को तकनीकी कोर्सों में हुनरमंद बनाया जाएगा। फ्री ट्रेनिंग के साथ नौकरी भी मिलेगी। कौशल विकास विभाग बेरोजगारों और बीच में पढ़ाई छोड़ने वालों को भी रोजगार, स्वरोजगार के अवसर पर उपलब्ध कराएगा। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना में उद्योगों के लिए मैन पावर तैयार की जाएगी। युवाओं को उद्योगों में रोजगार मिल सके, इसके लिए उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी।
कहां दी जाएगी फ्री ट्रेनिंग
रोजगारपरक फ्री स्किल डेवलपमेंट की ट्रेनिंग देने की प्लानिंग है। इस योजना में बेरोजगार युवाओं, बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इस योजना का लाभ राज्य के सात जिलों के युवाओं को मिलेगा। नैनीताल, यूएसनगर, देहरादून, हरिद्वार, चंपावत, चमोली, नई टिहरी को ट्रेनिंग दी जाएगी।
10 वीं, 12 वीं पास वालों को भी नौकरी का मौका
इस योजना में 10 वीं, 12 वीं पास वालों को भी नौकरी का मौका मिलेगा। उन्हें रोजगार के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इस योजना में 15 वर्ष से लेकर 45 वर्ष की आयु वाले पंजीकरण करा सकते हैं। योजना में तीन से चार महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी।
यहां करें आवेदन
ट्रेनिंग को युवा ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। https://uksds.uk.gov.in/CandidateRegistration/ पर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही वेबसाइट लिंक https://uksds.uk.gov.in/ और टोल फ्री नंबर 18008902414 से भी जानकारी ले सकते हैं।
कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य के युवाओं को न सिर्फ डिप्लोमा, डिग्री धारकों को तराशा जाएगा, बल्कि ऐसे छात्र जो किसी कारण पढ़ाई छोड़ देते हैं, उन्हें भी अपने पैरों पर खड़ा किया जाएगा। ट्रेनिंग के साथ ही रोजगार के अवसर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

