
टिहरी गढ़वाल की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) एवं आईएएस अधिकारी श्रीमती वरुणा अग्रवाल ने रेडियो ऋषिकेश 90.0 एफएम के स्टूडियो का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने रेडियो टीम से मुलाकात कर सामुदायिक रेडियो की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा जनजागरूकता, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और समाज के विभिन्न वर्गों तक उपयोगी सूचनाएँ पहुँचाने में रेडियो ऋषिकेश की भूमिका की सराहना की।
भ्रमण के दौरान सीडीओ ने रेडियो ऋषिकेश को एक संक्षिप्त विशेष साक्षात्कार भी दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना और नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम बनाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका अधिकतम लाभ उठाएँ। साथ ही उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का भी आह्वान किया।
श्रीमती अग्रवाल ने रेडियो ऋषिकेश के विजिटर रजिस्टर में अपने विचार भी दर्ज किए और रेडियो टीम को जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और प्रशासन तथा जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर रेडियो ऋषिकेश परिवार ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी रेडियो जनहित, विकास और समाजोपयोगी विषयों पर सार्थक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करता रहेगा।

