भारतीय ग्रामोथान संस्था पहुंचीं टिहरी की सीडीओ वरुणा अग्रवाल, प्राकृतिक फाइबर और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना

भारतीय ग्रामोथान संस्था में टिहरी गढ़वाल की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) एवं आईएएस अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने भ्रमण कर संस्था द्वारा प्राकृतिक फाइबर, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संस्था की गतिविधियों की जानकारी ली और महिलाओं द्वारा प्राकृतिक फाइबर से तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना की।

सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग को कम कर प्राकृतिक फाइबर से बने उत्पादों को अपनाना आज की आवश्यकता है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और महिलाओं की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।

भ्रमण के दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने उन्हें संस्था की विभिन्न गतिविधियों, महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर गैर-सरकारी संस्थाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले सरकारी सहयोग एवं विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने आश्वासन दिया कि जनहित एवं समाज विकास से जुड़े प्रभावी कार्यों में प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के अंत में भारतीय ग्रामोथान संस्था की ओर से सीडीओ वरुणा अग्रवाल का स्वागत करते हुए प्राकृतिक फाइबर से निर्मित जूट बैग भेंट किए गए। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूत करते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *