अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में एक बार फिर मैदान पर खेलने उतरेंगे। हाल ही में उनके संन्यास को लेकर काफी चर्चा हुई थी। कई रिपोर्ट में सामने आया था कि चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम के आगे के प्लान का हिस्सा नहीं मान रहे थे। हालांकि बीसीसीआई सचिव ने खबरों को खारिज कर दिया था। वेस्टइंडीज सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने विश्व कप को लेकर अपनी महत्वाकांक्षाएं बिल्कुल साफ कर दी हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि करियर खत्म होने का ख्याल उनके मन में आता ही नहीं।
रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें
रोहित शर्मा ने अपनी पिछली सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और आखिरी मुकाबले में शतक लगाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी रोहित बेहतर प्रदर्शन करके अपनी जगह कन्फर्म करना चाहेंगे। वनडे विश्व कप 2027 शुरू होने तक रोहित 40 साल के हो जाएंगे और मौजूदा समय में वह सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते हैं। वह टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं। वनडे विश्व कप 2027 संयुक्त रूप से दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया द्वारा आयोजित किया जाएगा। यह टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर, 2027 तक खेला जाएगा।
तैयारी भी अलग तरीके से करनी पड़ती है
कोहली के साथी और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी वनडे विश्व कप जीतने के अपने सपने को लेकर बात की। 39 वर्षीय रोहित ने कहा कि जब तक वह खेल रहे हैं, तब तक आगे हासिल करने के लिए कुछ न कुछ जरूर रहेगा। उन्होंने कहा, ”मेरे मन में यह विचार कभी नहीं आएगा कि जो हासिल करना था, वह पूरा हो चुका है। जब तक आप खेल रहे हैं, आगे देखने के लिए हमेशा कुछ न कुछ होता है। मैं विश्व कप और उसमें अपने लिए मौजूद संभावनाओं को लेकर उत्साहित हूं।”
रोहित ने कहा कि विश्व कप या किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट की अपनी अलग चुनौती होती है, क्योंकि इसमें अलग-अलग टीमों और मैदानों पर खेलना पड़ता है। उन्होंने कहा, ”जब विश्व कप खेला जाता है या हम किसी आईसीसी टूर्नामेंट में उतरते हैं, तो उसकी अपनी अनूठी चुनौती होती है। आपको अलग-अलग प्रतिद्वंदियों और अलग-अलग मैदानों पर खेलना होता है। इसलिए तैयारी भी अलग तरीके से करनी पड़ती है और सोचने का तरीका भी बदलना होता है। यही इसकी चुनौती है।”

